Randeep Surjewala on Drug Issue: हरियाणा में नशे के मुद्दे पर घिरी सरकार, सुरजेवाला बोले- 5 लाख से ज्यादा युवा नशे की चपेट में

फरीदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में रणदीप सुरजेवाला और संजय दत्त ने बीजेपी सरकार पर जमकर साधा निशाना।
 
Sanjay Dutt Haryana

फरीदाबाद : फरीदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्त्ता सम्मलेन आयोजित किया गया जिसमे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रभारी संजय दत्त, अध्यक्ष राव नरेंदर ने हिस्सा लिया और हरियाणा की बीजेपी सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला।

सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तंज कसते हुए कहा कि जीजा-साला दोनों कॉमेडी शो चलाते हैं, एक भगवंत मान उधर और एक नायब सैनी इधर, एक दूसरे को जीजा साला कहते हैं, दोनों कॉमेडी शो चलाते हैं। सरकार चलाना गंभीर विषय है, कोई तमाशा नहीं, सरकार के खर्चे पर तमाशा करने आए हैं। सुरजेवाला ने कहा कि सरकार नशा मुक्ति मैराथन और बोर्ड लगाने की बात करती है, लेकिन हकीकत में हरियाणा को उड़ता हरियाणा बना दिया है।

उन्होंने नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि विधानसभा में दिए गए आंकड़ों के मुताबिक एक साल में 70 हजार बच्चे नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती हुए हैं और आज प्रदेश में 5 लाख से ज्यादा नौजवान नशे की चपेट में हैं, सबसे ज्यादा ड्रग्स सिरसा, फतेहाबाद, पंचकूला, फरीदाबाद और गुरुग्राम में है, उन्होंने कहा की बोर्ड लगाकर नशा नहीं रुकेगा। सरकार चाहे तो 2 मिनट में नशा रोक सकती है, हमारी सरकार के समय खेल नीति लेकर आए थे, जो नशा बेचता था उसे अंदर कर देते थे। 

आज फरीदाबाद के कई इलाकों में सुबह इंजेक्शन और गोलियों के पैकेट पड़े मिलते हैं। पहली बार हरियाणा में नायब सैनी सरकार की नाक के नीचे सिंथेटिक ड्रग्स आ गए हैं जो हमारी बच्चियों और बच्चों को नशे में धकेल रहे हैं, सुरजेवाला ने कहा कि फरीदाबाद हरियाणा की जान है, यह उद्योग-धंधों और व्यवसाय का शहर है, अकेले गुरुग्राम से हरियाणा तरक्की नहीं कर सकता, फरीदाबाद को बचाना होगा।

वहीं हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने भी बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला कहा की 12 साल में न रोजगार दिया न महंगाई रोकी, सरकार की कोई जवाबदेही नहीं, कांग्रेस नेता ने कहा कि फरीदाबाद की जनता ने बीजेपी को वोट दिया, लेकिन बदले में सरकार ने जनता को क्या दिया, ये पूछने का समय आ गया है। 

कांग्रेस नेता ने कहा कि चाहे केंद्र की सरकार हो या राज्य की, इस सरकार की सबसे बड़ी खासियत है कि इसकी कोई जवाबदेही नहीं है, नेता ने कहा कि 2014 में बीजेपी ने वादा किया था कि हर साल 2 करोड़ लोगों को रोजगार देंगे, लेकिन आज रोजगार देना तो दूर, इनकी गलत नीतियों की वजह से रोजगार कम होते जा रहे हैं।

बड़े-बड़े कारखाने बंद हो गए, छोटे व्यापारी और छोटे उद्योग GST की मार से घर बैठ गए, आज विश्व के 5 देशों में जहां सबसे ज्यादा बेरोजगारी है, उसमें भारत का नंबर आता है, UPA सरकार में LPG सिलेंडर 450 रुपये का था तो यही बीजेपी के नेता सड़क पर आकर शोर मचाते थे, आज वही सिलेंडर 1000 रुपये को छू रहा है तो बीजेपी के नेता चुप हैं। 

वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंदर ने भी बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर, जनता बदलाव चाहती है, राव नरेंदर ने कहा कि बीजेपी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में हरियाणा में न रोजगार बढ़ा है, न विकास हुआ है। उल्टा बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। 

युवा नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं और सरकार केवल भाषण दे रही है, उन्होंने कहा कि 2014 में बीजेपी ने बड़े-बड़े वादे किए थे। 2 करोड़ रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन आज हालात ये हैं कि कारखाने बंद हो रहे हैं और छोटे व्यापारी GST की मार से परेशान हैं। किसान, कर्मचारी और आम जनता सभी सरकार की नीतियों से दुखी हैं।