Police Action in Faridabad Crime: फरीदाबाद पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, एसीपी अमन यादव ने दी जानकारी

फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने 3 वाहन चोर गैंग का खुलासा कर 6 आरोपियों को दबोचा। 20 चोरी की बाइक बरामद।
 
ACP Aman Yadav

फरीदाबाद : फरीदाबाद की क्राइम ब्रांच की टीम ने बाइक चोरी करने वाले 3 गैंग का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं। इनमें ज्यादातर मामले फरीदाबाद के हैं, जबकि गुरुग्राम, पलवल और दिल्ली में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया है। क्राइम ब्रांच के एसीपी अमन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

एसीपी अमन यादव ने बताया कि इनमें से एक आरोपी बाइक मैकेनिक का काम करता है। पुलिस के मुताबिक, वह चोरी की बाइक को खोलकर उसके अलग-अलग पार्ट्स करता था और इन पार्ट्स को राजस्थान के डीग क्षेत्र में बेच देता था।

 पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है। आरोपियों के कुछ अन्य साथियों की भी पहचान कर ली गई है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। एसीपी अमन यादव ने बताया कि इससे पहले भी इस गिरोह से जुड़े कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। इसके बाद पुलिस उनसे चोरी की अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ करेगी।