फरीदाबाद: मुखबिरी के शक में युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने का प्रयास, वीडियो वायरल
फरीदाबाद में आरोपी ने मुखबिरी के शक में युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश की। 17 सेकेंड का वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी फरार।
फरीदाबाद: फरीदाबाद में पुलिस को सूचना देने के शक में एक युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने की कथित कोशिश का मामला सामने आया है. पूरी घटना का करीब 17 सेकेंड का वीडियो सामने आया है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है.
मुखबिरी के शक में बनाया निशाना: जानकारी के अनुसार यमुनानगर सीआईए की दबिश के दौरान एक वांछित आरोपी मौके से फरार हो गया था. आरोपी को शक था कि नफीस नामक युवक ने उसकी जानकारी पुलिस को दी थी. इसी रंजिश में आरोपी ने नफीस पर हमला करने की योजना बनाई. आरोप है कि आरोपी ने तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो से उसका पीछा किया और उसे कुचलने की कोशिश की. जान बचाने के लिए नफीस लगातार भागता रहा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
वायरल वीडियो बना अहम साक्ष्य: वहीं, इस घटना का करीब 17 सेकेंड का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है. वीडियो में साफ तौर पर देखा जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो एक मकान की दीवार से टकराती दिखाई देती है. टक्कर के बाद आरोपी और उसके साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो जाते हैं. वहीं, पुलिस वीडियो के आधार पर जांच कर रही है और इसे जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है.
कई लोग घायल: इस घटना में नफीस सहित दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जा सके.
जांच में जुटी पुलिस: मामले में पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि, "फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी तथ्यों और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी. वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है."

