फरीदाबाद: RRTS और एलिवेटेड रोड के लिए मस्जिद चौक पर चला पीला पंजा, भारी पुलिस बल तैनात

फरीदाबाद में विकास परियोजनाओं के लिए मस्जिद चौक पर अवैध निर्माण ध्वस्त। RRTS कॉरिडोर और एलिवेटेड मार्ग के लिए प्रशासन की बड़ी कार्रवाई। रूट डायवर्जन और ट्रैफिक एडवाइजरी देखें।

 
फरीदाबाद पुलिस एडवाइजरी

फरीदाबाद : फरीदाबाद में RRTS कॉरिडोर और एलिवेटेड मार्ग के निमार्ण को लेकर रात में मस्जिद चौक पर प्रशासन ने NIT-3 स्थित मस्जिद चौक पर बनी 700 गज में बनी बनी मस्जिद समेत कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई सुबह करीब 4 बजे शुरू की गई, जिसके लिए प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारियां कर रखी थीं। किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे इलाके की कड़ी निगरानी की गई।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने रात करीब दो बजे से ही मस्जिद चौक और उसके आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी शुरू कर दी थी। पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया और वैकल्पिक रूटों पर वाहनों को डायवर्ट किया गया। कार्रवाई स्थल के आसपास आम लोगों और वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी, ताकि प्रशासनिक कार्रवाई बिना किसी बाधा के पूरी की जा सके।

विकास परियोजनाओं के लिए तोड़-फोड़
प्रशासन ने कई अर्थमूवर मशीनों की मदद से मस्जिद सहित अन्य निर्माणों को हटाया। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई प्रस्तावित विकास परियोजनाओं के लिए की गई है। मस्जिद चौक के पास से एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रस्तावित है, जबकि गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा नमो भारत आरआरटीएस (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) कॉरिडोर भी इसी क्षेत्र से होकर गुजरना है। इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के मार्ग में कई बड़े अवैध निर्माण बाधा बन रहे थे, जिन्हें हटाना आवश्यक माना गया।


इन रास्तों को रखा गया है बंद
कार्रवाई के दौरान मेट्रो मोड़ से ईएसआई चौक, मस्जिद चौक होते हुए सैनिक कॉलोनी रेड लाइट चौक तक जाने वाले मार्ग को अस्थायी रूप से बंद रखा गया। इसके अलावा डीसीपी एनआईटी कार्यालय से मुल्ला होटल और नमस्ते चौक की ओर जाने वाली सड़क पर भी यातायात रोक दिया गया। प्रशासन ने पहले ही लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की थी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
अधिकारियों का कहना है कि शहर में चल रही विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए अवैध अतिक्रमण और निर्माणों को हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक हित और बुनियादी ढांचे के विकास में बाधा बनने वाले निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में शांति बनी रही और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।


पुलिस ने जारी कर रही है एडवाजरी
पुलिस के अनुसार 29/30 मई की रात 2 बजे से 30 मई की दोपहर 2 बजे तक मेट्रो मोड़ से ईएसआई चौक, मस्जिद चौक होते हुए सैनिक कॉलोनी रेड लाइट तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा डीसीपी एनआईटी कार्यालय से मुल्ला होटल जाने वाला मार्ग और चिमनी बाई चौक, जिसे अब नमस्ते चौक के नाम से जाना जाता है, पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।


पुलिस द्वारा की गई एडवाइजरी
यातायात पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में सभी दिशाओं से वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। गुरुग्राम की ओर जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। भारी वाहनों को बड़खल, अंखीर चौक, एमवीएन चौक और पाली रोड होकर गुरुग्राम भेजा जाएगा, जबकि हल्के वाहनों के लिए बीके चौक, 4-5 चौक, पटेल चौक, बड़खल गांव रोड और सैनिक कॉलोनी मार्ग निर्धारित किया गया है।


पुलिस ने की संबंधित मार्गों पर नाकाबंदी
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित मार्गों पर नाकाबंदी कर दी है और यातायात संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें, यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें।