फरीदाबाद: 5,000 की रिश्वत लेते DHBVN का लाइनमैन रंगे हाथ गिरफ्तार
फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की बड़ी कार्रवाई। बिजली चोरी का जुर्माना कम करने के नाम पर रिश्वत लेते DHBVN के सहायक लाइनमैन सोनू राम को दबोचा।
फरीदाबाद : फरीदाबाद में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के सहायक लाइनमैन सोनू राम को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
आरोप है कि बिजली चोरी के मामले में कार्रवाई और जुर्माना कम कराने के नाम पर कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB फरीदाबाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को छायंसा स्थित उप मंडल कार्यालय के पास एक बिजली उपकरण की दुकान से रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
आरोपी के कब्जे से पहले ली गई 3,000 रुपये की रिश्वत राशि भी बरामद की गई। इस संबंध में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

