फरीदाबाद: नशे के लिए पत्नी को 1 लाख में बेचने की कोशिश, पति पर आरोप
फरीदाबाद में नशे की लत ने छीनी इंसानियत। महिला ने पति पर नशे की खातिर उसे बेचने और बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पढ़ें इस रोंगटे खड़े करने वाली घटना की पूरी जानकारी।
फरीदाबाद: नशे की लत किस तरह इंसान से रिश्तों की मर्यादा भी छीन लेती है, इसका एक हैरान करने वाला मामला फरीदाबाद में सामने आया है. एक महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि उसने नशे की लत पूरी करने के लिए उसका एक लाख रुपये में सौदा कर दिया. विरोध करने पर पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. पीड़िता का आरोप है कि शिकायत लेकर दो बार थाने पहुंचने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की. मीडिया के हस्तक्षेप के बाद अब पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
नशे की लत में पत्नी को बेचने का आरोप: पीड़िता नीलम ने बताया कि, "मेरे पति राकेश को शराब और नशे की बुरी लत है. पति लगातार मुझसे पैसों की मांग करता था और कई बार पैसे भी दे चुकी हूं. जब इस बार मैंने पैसे देने से मना किया तो पति ने कहा कि, "दो-तीन दिन के लिए एक जगह चली जा, उसके बदले मुझे एक लाख रुपये मिल जाएंगे." जब मैंने इसका विरोध किया तो मेरे साथ मारपीट की."
18 साल पहले हुई थी शादी: पीड़िता के अनुसार उसकी शादी को 18 वर्ष हो चुके हैं. महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली है और कई वर्षों से पति व बच्चों के साथ फरीदाबाद में रह रही थी. उसका पति दिन में ऑटो चलाता है और रात में नशा करता है. महिला का कहना है कि नशे की वजह से पति पहले ही घर और उसके गहने तक बेच चुका है. अब वह परिवार चलाने के बजाय लगातार पैसों की मांग और मारपीट करता है.
पुलिस से नहीं मिली मदद का आरोप: पीड़ित महिला ने बताया कि बीती रात पति किसी से झगड़ा कर नशे की हालत में घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट की. वह शिकायत लेकर खेड़ीपुल थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने इसे घरेलू विवाद बताकर कार्रवाई नहीं की. पीड़िता का कहना है कि, "मैं दो बार शिकायत लेकर गई, लेकिन मेरी शिकायत तक दर्ज नहीं की गई."
पड़ोसी के घर बितानी पड़ी रात: पीड़िता ने बताया कि पुलिस से मदद नहीं मिलने के बाद वह अपने बच्चों के साथ पड़ोसी के घर रात बिताने को मजबूर हुई. अगले दिन जब वह घर लौटी तो पति ने फिर उसके साथ मारपीट की. इसके बाद वह बच्चों को लेकर घर छोड़कर सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय पहुंची, जहां उसे यह भी नहीं पता था कि न्याय के लिए किस अधिकारी से संपर्क करे.
पुलिस ने दिया आश्वासन: मामले के मीडिया में आने के बाद फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल सिंह ने कहा कि, "पुलिस जल्द ही महिला से संपर्क करेगी और उसकी शिकायत पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी."

