Jawahar Colony Faridabad News: जवाहर कॉलोनी में रिवाल्वर सफाई के दौरान अचानक हुआ फायर, इलाज के दौरान तरुण यादव ने तोड़ा दम

फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी में लाइसेंसी रिवाल्वर साफ करते समय अचानक गोली चलने से 31 वर्षीय तरुण यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई।

 
फरीदाबाद क्राइम न्यूज

फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद के जवाहर कॉलोनी में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 31 वर्षीय तरुण यादव की मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे तरुण यादव अपने घर के कमरे में अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर साफ कर रहे थे. इसी दौरान अचानक रिवाल्वर से गोली चल गई और वो गंभीर रूप से घायल हो गए.

तरुण यादव ने दम तोड़ा : परिजनों के अनुसार, गोली चलने की आवाज सुनते ही परिवार के लोग तुरंत तरुण के कमरे की तरफ दौड़े. कमरे में पहुंचने पर उन्होंने तरुण को लहूलुहान हालत में देखा. बताया जा रहा है कि गोली जबड़े के पास लगी और सिर के ऊपर से निकल गई. गंभीर हालत में परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया. हालांकि, इलाज के दौरान कुछ घंटे बाद तरुण यादव ने दम तोड़ दिया.

मौके पर पहुंची पुलिस : घटना की सूचना मिलते ही एसीपी बड़खल अर्जुन देव, सारन थाना पुलिस और पर्वतीय पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए हादसे की परिस्थितियों को समझने के लिए घटनास्थल से जरूरी जानकारी जुटाई.

लाइसेंसी रिवाल्वर की सफाई कर रहे थे : एसीपी बड़खल अर्जुन देव के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि तरुण यादव की मौत गोली लगने से हुई है और गोली उनकी अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से चली. हालांकि, रिवॉल्वर साफ करते समय अचानक गोली किस परिस्थिति में चली, ये अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस इस मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि तरुण यादव दोपहर करीब 1 बजे अपने कमरे में लाइसेंसी रिवाल्वर की सफाई कर रहे थे. इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी. इसके बाद परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो तरुण गंभीर रूप से घायल मिले.

प्रॉपर्टी का काम करते थे तरुण यादव : तरुण यादव के पिता प्रॉपर्टी डीलर हैं और तरुण भी अपने पिता के साथ प्रॉपर्टी के कामकाज में सहयोग करते थे. वे अपने पिता के काम में हाथ बंटाते थे. परिवार के लिए यह हादसा बेहद सदमे वाला है और घटना के बाद घर में मातम का माहौल है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रिवाल्वर में गोली किस स्थिति में थी और सफाई के दौरान अचानक फायर कैसे हुआ. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.