फरीदाबाद: जेवर एक्सप्रेस-वे पर पलटी क्रेन, इंजीनियर समेत 3 की मौत
फरीदाबाद के पनहेड़ा खुर्द में जेवर एयरपोर्ट ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे निर्माण के दौरान क्रेन पलटने से बड़ा हादसा। इंजीनियर समेत 3 की मौत, डीसी ने दिए जांच के आदेश।
फरीदाबाद: नोएडा के जेवर एयरपोर्ट को जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रैस-वे पर पनहेड़ा खुर्द गांव के पास गुरुवार दोपहर बाद एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर गार्डर उठाने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक भारी क्रेन अचानक असंतुलित होकर पलट गई जिसके नीचे करीब 4 से अधिक मजदूर दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस, दमकल विभाग आदि की टीम ने देर शाम तक मजदूरों को बाहर निकाला जिनमें से डाक्टरों ने 3 को मृत घोषित कर दिया है।घटना में मारे गए इंजीनियर और 2 मजदूरों के शवों का पोस्टमाटर्म आज किया जायेगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से कुछ समय पहले क्षेत्र में आंधी के साथ तेज बारिश हुई थी जिससे निर्माण स्थल पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई थी। बारिश थमने के बाद काम दोबारा शुरू किया गया। इसी दौरान गार्डर उठाने दौरान भारी क्रेन का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह पलट गई। जो पास स्थित एक कंटेनर पर जाकर गिरी। हादसे दौरान मौके पर करीब 6 से 7 मजदूर काम कर रहे थे जिनमें से 3 से 4 मजदूर क्रेन के नीचे कंटेनर में दब गए।
बल्लभगढ़ डीसीपी प्रतीक ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। जिसके तुंरत बाद मौके पर मौजूद दूसरी मशीनों की मदद से लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया गया। मशीन के नीचे दबे 4 लोगों में 1 जिंदा बचा है, जबकि 3 की मौत हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि मरने वाला में पंजाब का रहने वाला इंजीनियर सत्तार, राजस्थान का रहने वाला मजदूर मनीष सहित एक अन्य शामिल है। जबकि एक घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
डीसी आयुष सिन्हा ने इस हादसे की जांच के लिए आदेश दिए है। प्राथमिक तौर पर हादसे की एक रिपोर्ट सीएम कार्यालय भेजी गई है। प्रशासन के तरफ से हादसे को लेकर अभी को औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है। डीसीपी प्रतीक ने कहा कि जांच के बाद ही मशीन के गिरने के कारणों का पता चल सकेगा।

