Faridabad School Accident: फरीदाबाद में स्कूल पर गिरी निर्माणाधीन दीवार, UKG के 4 बच्चे गंभीर

फरीदाबाद के हंस मेमोरियल पब्लिक स्कूल में बड़ा हादसा। तेज आंधी से स्कूल पर गिरी निर्माणाधीन इमारत की दीवार, मलबे में दबे 4 बच्चे।
 
निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरी

फरीदाबाद  : फरीदाबाद के खेड़ी पुल इलाके में आज सुबह करीब साढ़े 9 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूल के साथ बन रही निर्माणाधीन इमारत की दीवार अचानक स्कूल की छत पर गिर गई। दीवार गिरने से स्कूल की छत टूटकर नीचे आ गिरी। हादसे में 4 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। खेड़ी पुल थाना इलाके में भारत कॉलोनी के 35 फुट रोड़ पर हंस मेमोरियल पब्लिक स्कूल है। 

जानकारी के मुताबिक स्कूल रोजाना की तरह चालू था। अचानक तेज आंधी के कारण स्कूल के साथ बनाए जा रहे कई मंजिल के मकान की दीवार का एक बड़ा हिस्सा स्कूल की छत पर आकर गिर गया। जिससे स्कूल की छत बच्चों के ऊपर गिर गई। छत गिरते ही स्कूल में अफरा -तफरी का माहौल बन गया। स्कूल स्टाफ के द्वारा बच्चों को मलबे के नीचे से निकालना शुरू किया। दीवार यूकेजी क्लास के बच्चों के ऊपर गिरी थी। इसमें दीप्ती, दिव्या, मीरा, नंदू को सिर में गंभीर चोट आई है। सभी यूकेजी क्लास में पढ़ते है और सभी 6 से 7 साल के बीच है। सभी के सिर में चोट आई है। बच्चों इलाज के लिए बीके अस्पताल में लेकर जाया गया है। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारी खुर्शीद ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाही की जायेगी।