फरीदाबाद: जिस महिला ने खिलाई रोटी, उसी के शव को कुत्तों ने नाले से ढूंढ निकाला
फरीदाबाद में वफादारी की मिसाल! 15 अप्रैल से लापता महिला का शव उन लावारिस कुत्तों ने ढूंढा जिन्हें वह रोज रोटी खिलाती थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक को पकड़ा।
फरीदाबाद: बल्लभगढ़ के कबूलपुर गांव से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां 15 अप्रैल से लापता 45 वर्षीय महिला के शव को दो लावारिस कुत्तों ने ढूंढ निकाला. खास बात ये है कि ये वही कुत्ते थे. जिन्हें महिला रोज अपने हाथों से रोटी खिलाया करती थी. फिलहाल पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवा दिया है.
15 अप्रैल से लापता थी महिला: जानकारी के अनुसार कबूलपुर कॉलोनी की रहने वाली महिला 15 अप्रैल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी. परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कई दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया. महिला रोजाना इलाके के दो लावारिस कुत्तों शेरू और रॉकी को खाना खिलाती थी, जिसके कारण दोनों कुत्ते अक्सर उसके घर के आसपास ही रहते थे.
कुत्तों ने ढूंढा महिला का शव: 18 अप्रैल को परिवार के लोग महिला की तलाश कर रहे थे. इस दौरान शेरू और रॉकी अचानक झाड़ियों की ओर दौड़ पड़े. जब परिवार के लोग वहां पहुंचे, तो कुत्तों ने महिला की साड़ी ढूंढ निकाली. पास ही एक नाला था. जो जलकुंभी से पूरी तरह ढका हुआ था. इस दौरान शेरू नाले में कूद गया और जैसे ही जलकुंभी हटने लगी, तो पानी के अंदर महिला के पैर दिखाई देने लगे. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई.
रोजाना कुत्तों को रोटी खिलाती थी महिला: स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला रोजाना अपने हाथों से इन लावारिस कुत्तों को रोटी खिलाती थी. यही वजह थी कि दोनों कुत्ते उसके घर के आसपास ही रहते थे और घर की पहरेदारी भी करते थे. किसी भी अजनबी को घर के पास आने नहीं देते थे.
हत्या का मुख्य आरोपी फरार: पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया इस मामले में पुलिस ने कबूलपुर निवासी जगमिंदर डागर को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि "इस हत्या का मुख्य आरोपी उसका बेटा परमजीत है, जो फिलहाल फरार है. जांच में सामने आया है कि 15 अप्रैल को जगमिंदर मोटरसाइकिल पर महिला के घर गैस सिलिंडर देने गया था. इसके बाद वो महिला को बिजली बिल भरवाने के बहाने अपने साथ ले गया. लौटते समय उसने कथित तौर पर महिला की हत्या कर दी और शव को नाले में फेंक दिया."
एक आरोपी गिरफ्तार: पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि "आरोपी जगमिंदर डागर को दो दिन की रिमांड के बाद अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. वहीं मुख्य आरोपी परमजीत की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और मामले की जांच जारी है."

