फरीदाबाद: राष्ट्रीय खेल पदक विजेता खिलाड़ियों का मंत्री राजेश नागर ने किया सम्मान
फरीदाबाद के पदक विजेता खिलाड़ी मयंक और विश्वजीत ने मंत्री राजेश नागर से लिया आशीर्वाद। मंत्री ने खेल नीति और बीमा योजनाओं पर दी जानकारी। पढ़ें पूरी खबर।
फरीदाबाद: नेपाल और रुद्रपुर में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले युवा खिलाड़ी मयंक और विश्वजीत ने रविवार को अपने कोच एवं परिजनों के साथ हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर के निवास पर पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया. दोनों खिलाड़ी हर रविवार आयोजित होने वाले खुले दरबार में पहुंचे, जहां मंत्री ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उनका सम्मान किया.
खिलाड़ियों की सफलता पर दी बधाई: मंत्री राजेश नागर ने दोनों खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि, "इन खिलाड़ियों की उपलब्धि केवल उनके परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने खिलाड़ियों के परिजनों और कोच की भी सराहना की."
"विश्व स्तर पर करें देश का नाम रोशन": खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए मंत्री राजेश नागर ने कहा कि, "अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के बल पर खिलाड़ी विश्व स्तर पर भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं. मेरा विश्वास है कि हमारे युवा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतेंगे." उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत जारी रखने का आह्वान किया.
हरियाणा की खेल नीति की सराहना: मंत्री ने आगे कहा कि, "हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हर संभव प्रोत्साहन उपलब्ध करा रही है. प्रदेश सरकार की खेल नीति का ही परिणाम है कि हरियाणा के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं."
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीते पदक: राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मयंक ने 100 मीटर दौड़ में रजत पदक और विश्वजीत ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. खिलाड़ियों की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है. कोच रामकिशन पीटीआई और खिलाड़ियों के परिजनों ने मंत्री राजेश नागर का आभार व्यक्त किया.
खुले दरबार में सुनी लोगों की समस्याएं: खुले दरबार के दौरान मंत्री राजेश नागर ने अन्य लोगों की समस्याएं भी सुनीं और कई मामलों का मौके पर समाधान किया. बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं, जिनका मंत्री ने आभार व्यक्त किया.
समर्थकों के साथ सुनी 'मन की बात': कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश नागर ने समर्थकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी सुना. इसके बाद उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने कार पूलिंग अपनाकर ईंधन बचाने, आर्थिक विकास में योगदान देने और आपसी समन्वय बढ़ाने का संदेश दिया है.
बीमा योजनाओं से जुड़ने की अपील: मंत्री ने बताया कि, "प्रधानमंत्री ने लोगों से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से जुड़ने की अपील की है. कम प्रीमियम में मिलने वाली इन योजनाओं से करोड़ों परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिली है. प्रधानमंत्री ने लोगों से इन योजनाओं की जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें."

