फरीदाबाद: चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे दो युवक
फरीदाबाद के पल्ला में चलती ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी भीषण आग। बैटरी से हुए धमाके, स्कूटी जलकर राख। समय रहते उतरे सवार, बाल-बाल बची जान।
फरीदाबाद: फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात चलती ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी स्कूटी आग का गोला बन गई और कुछ ही देर में जलकर राख हो गई. राहत की बात यह रही कि स्कूटी पर सवार दोनों युवक समय रहते वाहन से उतर गए, जिससे उनकी जान बच गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची.
धुआं और बदबू आते ही रोक दी स्कूटी: यह घटना सेहतपुर बांध रोड की है. दोनों युवक बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे. रास्ते में स्कूटी से पहले असामान्य आवाजें आने लगीं. इसके कुछ सेकंड बाद जलने की तेज बदबू और धुआं निकलने लगा. खतरे को भांपते हुए युवकों ने तुरंत स्कूटी सड़क किनारे रोक दी और उससे दूर हट गए. कुछ ही पलों में स्कूटी में तेज लपटें उठने लगीं.
"धुआं देखते ही स्कूटी छोड़ दी": स्कूटी सवार विशाल ने बताया कि, "मैं अपने दोस्त के साथ बाजार से लौट रहा था. अचानक स्कूटी से आवाज आने लगी. जब हमने स्कूटी रोकी तो उसमें से धुआं निकल रहा था. हम दोनों तुरंत स्कूटी से उतरकर दूर चले गए. इसके बाद स्कूटी में तेज आग लग गई और बैटरी से कई बार छोटे-छोटे धमाकों जैसी आवाजें आने लगीं. हमने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी."
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू: इधर, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी. पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आग लगने के दौरान बैटरी से आती धमाकों जैसी आवाजों के कारण आसपास मौजूद लोग भी दहशत में आ गए.
जांच में जुटी पुलिस: वहीं, मामले में पल्ला थाना के एसएचओ सत्य प्रकाश ने कहा कि, "प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. तकनीकी खराबी, बैटरी फेल होने या किसी अन्य वजह से आग लगी, इसकी जांच की जा रही है. सबसे राहत की बात यह रही कि दोनों युवक समय रहते स्कूटी से उतर गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई."
बता दें कि इस घटना के बाद एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी सुरक्षा और विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

