फरीदाबाद: 13 वर्षीय छात्रा से पड़ोस में दुष्कर्म, CCTV की मदद से आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद के पल्ला में 8वीं की छात्रा से दुष्कर्म। जन्मदिन समारोह के दौरान पड़ोसी बिजेंद्र ने की दरिंदगी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी।

 
बिहार की छात्रा से रेप

फरीदाबाद: पल्ला थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप पड़ोस में रहने वाले युवक बिजेंद्र पर लगा है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

फरीदाबाद में नाबालिग से रेप: परिजनों के मुताबिक, 28 मई की शाम पड़ोस में एक बच्चे का जन्मदिन समारोह था. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बच्ची घर से निकली थी. आरोप है कि इस दौरान पड़ोस में रहने वाले बिजेंद्र ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और वहां उसके साथ जबरदस्ती की. काफी समय बीत जाने के बाद जब बच्ची घर वापस नहीं लौटी, तो परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए.

सीसीटीवी से लगा सुराग: खोजबीन के दौरान गली में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी गई, जिसमें आरोपी बच्ची को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया. इसके बाद परिजन आरोपी के घर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की, लेकिन बच्ची वहां नहीं मिली. परिजनों का कहना है कि बाद में घर की छत पर पानी की टंकी के पास बच्ची बेहोशी की हालत में मिली. परिवार के लोगों ने उसे संभाला और पानी पिलाकर होश में लाया.

बिहार की रहने वाली है पीड़िता: होश आने के बाद बच्ची ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. बच्ची ने बताया कि आरोपी उसे अपने कमरे में ले गया और उसके साथ गलत काम किया, जिसके बाद वो बेहोश हो गई. पुलिस के अनुसार, पीड़िता आठवीं कक्षा की छात्रा है और मूल रूप से बिहार की रहने वाली है. करीब छह महीने पहले वो अपने मामा के पास फरीदाबाद आई थी और तभी से यहीं रह रही थी.

आरोपी गिरफ्तार: पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि "पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर तुरंत केस दर्ज किया गया और आरोपी को राउंड अप कर लिया गया है. मामले में उचित कार्रवाई की जा रही है."