फरीदाबाद: कलयुगी मां ने 6वीं बेटी को जिंदा नाले में फेंका, CCTV से खुला राज

फरीदाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात: आर्थिक तंगी और 5 बेटियां होने के बोझ तले मां ने डेढ़ साल की बच्ची को जिंदा नाले में फेंका। सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा।

 
फरीदाबाद मर्डर मिस्ट्री

फरीदाबाद : फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में नाले से डेढ़ साल की बच्ची का शव मिलने के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार बच्ची को किसी और ने नहीं बल्कि उसकी खुद की मां ने ही जिंदा नाले में फेंक दिया था, जिससे पानी में डूबने के कारण उसकी मौत हो गई।

पुलिस को इस मामले में एक अहम सीसीटीवी फुटेज भी मिली है। फुटेज में महिला बच्ची को गोद में लेकर जाती हुई दिखाई दे रही है, लेकिन कुछ समय बाद जब वह वापस लौटती है तो बच्ची उसकी गोद में नहीं होती। इसी आधार पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। 

दरअसल तीन दिन पहले धीरज नगर और टीटू कॉलोनी पार्ट-2 के बीच से गुजरने वाले बुढ़िया नाला में एक बच्ची का शव लोहे के जाल में फंसा मिला था। दो स्कूली बच्चों ने सबसे पहले शव को देखा और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बच्ची परिवार में छठे नंबर की बेटी थी और उससे पहले उसकी पांच बहनें हैं। परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।