Faridabad Cobra Recovery: फरीदाबाद में घर में छिपाकर रखे थे 7 इंडियन कोबरा और रैट स्नेक, वाइल्डलाइफ टीम ने पकड़ा
फरीदाबाद: फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में वन विभाग की वाइल्डलाइफ टीम ने एक सपेरे के घर छापेमारी कर सात इंडियन कोबरा समेत कुल आठ सांप बरामद किए. आरोपी पर सांपों को अवैध रूप से पकड़कर रखने और कथित तौर पर उनका व्यापार करने का आरोप है. आरोपी की पहचान बंसी नाथ के रूप में हुई है.
घर में मिले आठ सांप: जिला कोर्ट के एडवोकेट संजय गुप्ता ने बताया कि, "वाइल्डलाइफ टीम को सूचना मिली थी कि पल्ला क्षेत्र में रहने वाला बंसी नाथ कई प्रजातियों के सांपों को पकड़कर अपने पास रखता है. वन्यजीवों को अवैध तरीके से पकड़कर उनका व्यापार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए."
सात कोबरा और एक रैट स्नेक बरामद: सूचना के बाद वाइल्डलाइफ इंस्पेक्टर राकेश कुमार टीम के साथ आरोपी के घर पहुंचे. जांच के दौरान टीम को उसके कब्जे से एक रैट स्नेक और सात इंडियन कोबरा मिले. टीम ने सभी आठ सांपों को अपने कब्जे में ले लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया. वाइल्डलाइफ इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि, "आरोपी ने सांपों को अवैध रूप से पकड़कर रखा हुआ था और उनसे व्यापार करने की जानकारी सामने आई थी. गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर सांपों को बरामद किया गया. आरोपी को सोमवार को फरीदाबाद जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 19 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया."
वन्यजीव संरक्षण पर जोर: एडवोकेट संजय गुप्ता ने कहा कि, "वन्यजीवों को अवैध तरीके से पकड़ने और उनके व्यापार पर रोक लगाना जरूरी है. ऐसे मामलों में वन्यजीवों के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है. बरामद सांपों को वन विभाग की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है."

