फरीदाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन: बल्लभगढ़ की राजीव कॉलोनी में नशा तस्करों पर छापेमारी
फरीदाबाद पुलिस, क्राइम ब्रांच और ब्लैक कमांडो का राजीव कॉलोनी में सुबह 5 बजे सर्च ऑपरेशन। नशा तस्करी की शिकायतों पर हुई बड़ी घेराबंदी। जानें पुलिस की अगली कार्रवाई।
फरीदाबाद: बल्लभगढ़ क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में बुधवार सुबह फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया. अभियान के दौरान भारी पुलिस बल ने संदिग्ध लोगों और घरों की जांच की. कार्रवाई में क्राइम ब्रांच, स्थानीय पुलिस, ब्लैक कमांडो, डॉग स्क्वायड और महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम शामिल रही. हालांकि तलाशी के दौरान कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ, लेकिन पुलिस ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने का दावा किया है.
सुबह से शुरू हुआ सर्च अभियान: पुलिस की कई टीमें सुबह करीब पांच बजे बल्लभगढ़ के सेक्टर-56 के पास स्थित राजीव कॉलोनी पहुंचीं. पूरे इलाके की घेराबंदी कर विशेष सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. अभियान का उद्देश्य नशा तस्करी से जुड़े संदिग्ध लोगों और गतिविधियों की पहचान करना था. पुलिस ने कॉलोनी के विभिन्न हिस्सों में गहन जांच की और कई घरों की तलाशी ली.
शिकायतों के आधार पर हुई कार्रवाई: पुलिस अधिकारियों के अनुसार राजीव कॉलोनी में लंबे समय से नशा बेचने और तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं. स्थानीय लोगों ने भी इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दी थी. इन्हीं सूचनाओं और शिकायतों के आधार पर बुधवार तड़के यह विशेष अभियान चलाया गया. करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई.
महिला पुलिस और डॉग स्क्वायड की अहम भूमिका: अभियान में महिला पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से शामिल किया गया था, जिन्होंने महिलाओं से पूछताछ की. वहीं, डॉग स्क्वायड की मदद से कई स्थानों की बारीकी से जांच की गई. पुलिस का कहना है कि भले ही कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ, लेकिन जांच के दौरान कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
"नशा तस्करों पर जारी रहेगा शिकंजा": इस पूरे मामले में CIA बदरपुर बॉर्डर के इंचार्ज जितेंद्र कुमार ने कहा कि, "नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा. यदि कोई व्यक्ति नशे की बिक्री या तस्करी में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर आरोपियों की संपत्ति के खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी."
नेटवर्क पर पुलिस की पैनी नजर: पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि फिलहाल इस सर्च ऑपरेशन में कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ है, लेकिन नशा तस्करों के नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है. आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके.

