Faridabad Broken Road Alert: करीब 12 कॉलोनियों को जोड़ने वाली सड़क जर्जर, युवक ने चंदा जुटाकर शुरू की मरम्मत

सेहतपुर-बसंतपुर मार्ग की बदहाली के खिलाफ स्थानीय युवाओं का अनोखा प्रदर्शन। जानिए जर्जर सड़क की समस्या और राज्य मंत्री राजेश नागर का बयान।

 
फरीदाबाद ताजा खबर

फरीदाबाद: स्मार्ट सिटी के नाम से पहचान रखने वाले फरीदाबाद में सेहतपुर-बसंतपुर मार्ग की बदहाली स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. करीब एक दर्जन कॉलोनियों को जोड़ने वाला यह मार्ग दिल्ली आने-जाने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है. लंबे समय से सड़क की हालत खराब होने के बावजूद मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी है.

बारिश में सड़क बनी मुसीबत: बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से हालात और खराब हो जाते हैं. जलभराव के कारण पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वर्षों से सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ.

अनोखे तरीके से किया विरोध: वहीं, सड़क निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय युवा भीम मिश्रा ने अनोखे तरीके से विरोध शुरू किया है. कभी वह आंखों पर पट्टी बांधकर पानी में उतरकर प्रदर्शन करते हैं तो कभी हाथ-पैर में रस्सियां बांधकर सड़क की मरम्मत के लिए लोगों से सहयोग मांगते हैं. उनके प्रदर्शन को स्थानीय लोगों का समर्थन भी मिल रहा है.

अधिकारियों से गुहार के बाद प्रदर्शन: भीम मिश्रा ने कहा कि, "सड़क निर्माण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध का रास्ता अपनाना पड़ा. मेरा किसी राजनीतिक दल से विवाद नहीं है. मेरा एकमात्र उद्देश्य सड़क का निर्माण करवाना है."

हादसों के बावजूद समाधान नहीं: भीम मिश्रा ने आगे कहा कि, "इस सड़क पर कई बार हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया. जब तक सड़क का स्थायी निर्माण नहीं होता, तब तक मेरा प्रदर्शन जारी रहेगा. मैं लोगों को भी सड़क की समस्या के प्रति जागरूक कर रहा हूं. मैंने लोगों से आर्थिक मदद की मांग की है. लोगों से मिलने वाले सहयोग से सड़क के खराब हिस्सों की मरम्मत कराने का प्रयास किया जा रहा है. यदि प्रशासन ने समस्या का संज्ञान नहीं लिया तो फरीदाबाद की अन्य खराब सड़कों को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा."

राज्यमंत्री ने जल्द काम का दिया भरोसा: वहीं, इस मामले में राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि, "फरीदाबाद की कोई भी सड़क टूटी नहीं रहने दी जाएगी. पल्ला क्षेत्र में सड़क का काम पूरा हो चुका है और आगे निर्माण कार्य चल रहा है. जल्द ही सेहतपुर-बसंतपुर मार्ग का भी काम पूरा कराया जाएगा."

फिलहाल सेहतपुर-बसंतपुर मार्ग की बदहाली को लेकर शुरू हुआ यह अनोखा प्रदर्शन चर्चा में है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रदर्शन के बाद प्रशासन सड़क की समस्या को गंभीरता से लेगा और जल्द स्थायी समाधान किया जाएगा.