Sarai Thana Area Faridabad: दवाई लेने निकले रवि शर्मा का मिला शव, हाथों की नस कटी होने से फैली सनसनी
फरीदाबाद: सराय थाना क्षेत्र में बाईपास रोड स्थित एनएचपीसी चौक के पास रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान सूर्या विहार फेज-3 निवासी 30 वर्षीय रवि शर्मा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
दवाई लेने के लिए स्कूटी से निकला था
मृतक के भाई मनोज शर्मा ने बताया कि शनिवार दोपहर रवि दवाई लेने की बात कहकर स्कूटी से घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी बीच रविवार को पुलिस को एनएचपीसी चौक के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान शव की पहचान रवि शर्मा के रूप में हुई।
हाथों की नस भी कटी मिली
एसीपी सराय संदीप मोर के अनुसार, युवक का शव पेड़ से लटका मिला और उसके हाथों की नस भी कटी हुई थी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के कारणों को लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
दो महीने बाद होनी थी शादी
रवि के भाई मनोज शर्मा ने बताया कि रवि जागरण में म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट बजाने का काम करता था। परिवार में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं और करीब दो महीने बाद उसकी शादी करने की योजना थी। ऐसे में अचानक उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन भी इस घटना से बेहद हैरान हैं।
पुलिस जुटी जांच में
सराय थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रवि ने कथित तौर पर यह कदम क्यों उठाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।