फरीदाबाद: जम्मू में दर्दनाक सड़क हादसा, 3 दोस्तों की मौत, 2 गंभीर
फरीदाबाद के 5 दोस्त जम्मू घूमने निकले थे। नगरोटा के पास बस और कार की टक्कर में 3 युवकों की मौत। परिवारों में कोहराम, 2 घायल अस्पताल में भर्ती।
फरीदाबाद : फरीदाबाद में बल्लभगढ़ की भूदत्त कॉलोनी से जम्मू-कश्मीर घूमने निकले पांच दोस्तों का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगरोटा के पास रविवार तड़के उनकी कार की एक तेज रफ्तार बस से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीन युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने परिजनों को फोन कर दी हादसे की जानकारी
मृतकों की पहचान भूदत्त कॉलोनी निवासी शक्ति सिंह चौधरी, मोहित वर्मा और सिकंदर सैफी के रूप में हुई है। वहीं घायल दीपक वर्मा और कुलदीप शर्मा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने परिजनों को फोन कर हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद परिवारों में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजन जम्मू के लिए रवाना हो गए हैं।
परिवार का इकलौता बेटा था मोहित
हादसे में जान गंवाने वाले मोहित वर्मा अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और उनकी दो बहनें हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार सदमे में डूब गया। बताया जा रहा है कि पिता सुनील वर्मा, जो कॉलोनी में ज्वैलरी का कारोबार करते हैं, बेटे की मौत की सूचना सुनकर बेसुध हो गए। मोहित अपने पिता के साथ व्यापार संभालते थे और घर की जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाते थे। हादसे में घायल दीपक वर्मा उनके चचेरे भाई हैं। तीन युवकों की एक साथ मौत से भूदत्त कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई है।

