फतेहाबाद: मालखाने से शराब गायब होने के मामले में थाना प्रभारी रिमांड पर
फतेहाबाद सदर थाना मालखाने से 211 पेटियां शराब गायब होने का मामला। तत्कालीन थाना प्रभारी रिमांड पर, मालखाना प्रभारी निलंबित। SIT कर रही है गहन जांच।
फतेहाबाद : सदर थाना फतेहाबाद के मालखाने से 211 पेटियां शराब गायब होने के मामले में पुलिस विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इस मामले में मालखाना प्रभारी हैड कांस्टेबल कमल कुमार को भी लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
मामले के मुख्य आरोपी तत्कालीन थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उनका एक दिन का रिमांड हासिल किया है। विशेष जांच दल (एस.आई.टी.) पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि मालखाने से गायब हुई शराब कहां गई, किसे सप्लाई की गई और इस पूरे प्रकरण में किन-किन लोगों की भूमिका रही। सूत्रों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ-साथ कई और अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।
फतेहाबाद के डी.एस.पी. जगदीश काजला ने बताया कि इस मामले में पूर्व थाना अध्यक्ष को अदालत में पेश किया गया था, जहां से एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। मालखाना प्रभारी को भी लापरवाही के चलते निलंबित किया गया है।

