रूस-यूक्रेन युद्ध में फतेहाबाद के अंकित जांगड़ा की मौत, आज गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर
रूस की सेना में जबरन भर्ती किए गए फतेहाबाद के अंकित जांगड़ा की यूक्रेन युद्ध में मौत। शनिवार को दिल्ली पहुंचा पार्थिव शरीर, गांव कुम्हारिया में होगा अंतिम संस्कार।
फतेहाबाद : फतेहाबाद जिले के गांव कुम्हारिया के दो युवकों को रूस की सेना में जबरन भर्ती कर यूक्रेन युद्ध में भेजे जाने के मामले में दुखद खबर सामने आई है। इनमें से एक युवक अंकित जांगड़ा की मौत हो गई है। अंकित का पार्थिव शरीर दिल्ली पहुंच गया है, जहां परिजन उसे लेने पहुंच गए हैं। शनिवार दोपहर बाद तक पार्थिव शरीर गांव कुम्हारिया लाया जाएगा।
मृतक अंकित जांगड़ा के बड़े भाई रघुवीर जांगड़ा ने बताया कि परिवार को शुक्रवार को ही सूचना मिल गई थी कि अंकित का पार्थिव शरीर भारत भेजा जा रहा है। इसके बाद परिवार शनिवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुआ। गांव पहुंचने के बाद दोपहर में अंकित का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
परिजनों ने बताया कि दोनों युवकों की वापसी के लिए परिवार लगातार प्रयास कर रहा था। इस संबंध में वे दिल्ली और चंडीगढ़ जाकर रूसी एंबेसी, विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय से मदद की गुहार लगा चुके थे। सिरसा सांसद कुमारी सैलजा और रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी।

