Loharu News Garwa Aqua Park: फिशरीज एक्वा एक्सीलेंस सेंटर पहुंचे जिला मत्स्य अधिकारी, घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप

भिवानी के गरवा में 100 करोड़ से बन रहे फिशरीज एक्वा एक्सीलेंस सेंटर में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग।
 
Haryana aqua park construction dispute

बहल। गांव गरवा में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन फिशरीज एक्वा एक्सीलेंस सेंटर में अनियमितताओं के आरोपों के बीच जिला मत्स्य अधिकारी सुरेंद्र कुमार सोमवार को केंद्र पहुंचे। उन्होंने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार डीएफओ ने केंद्र पर आने की सूचना पहले ही दी थी जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और अधिकारी के सामने अपनी शिकायत रखी। वहीं डीएफओ सुरेंद्र कुमार ने केंद्र पर किसी विशेष जांच के लिए पहुंचने से इन्कार किया। उन्होंने बताया कि वह नियमित निरीक्षण के लिए केंद्र आए थे। इस दौरान कुछ ग्रामीण उनसे मिले और उन्होंने निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत की।

गरवा गांव के रजनीश, कृष्ण कुमार, श्रीभगवान सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने डीसी भिवानी समेत अन्य अधिकारियों को एक्वा फिश पार्क के निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने की शिकायत दी थी। सोमवार को अधिकारियों के आने की सूचना मिलने पर वे केंद्र पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण में बेहद निम्न स्तर की ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं खराब हो चुके सीमेंट का भी दोबारा इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि केंद्र में अब तक हुए निर्माण कार्य और मौके पर इस्तेमाल की गई निर्माण सामग्री की जांच कराई जाए।

ग्रामीणों ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने क्षेत्र के किसानों को लाभ पहुंचाने और उन्हें समृद्ध बनाने के उद्देश्य से इस केंद्र को मंजूरी दी थी। ऐसे में निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप होना जरूरी है। ग्रामीणों ने कहा कि वे केंद्र के निर्माण में किसी तरह की अनियमितता नहीं होने देंगे।