Haryana Gohana News: रक्षाबंधन के दिन करंट लगने से दो लोगों की दर्दनाक मौत, बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
गोहाना : आज पूरा देश जहां भाई-बहन के पवित्र त्यौहार राखी मना रहा है, वहीं हरियाणा के गोहाना में एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत की बिजली लाइन में फॉल्ट ठीक करने के दौरान अचानक बिजली सप्लाई आने से एक बिजली कर्मचारी और एक किसान करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बता दें कि हादसा सुबह करीब 10 बजे मुड़लाना के सिवानका रोड पर एक खेत में हुआ। मृतकों की पहचान गांव सिवानका निवासी बिजली कर्मचारी सौरभ और गांव मुड़लाना निवासी किसान जोगिंद्र के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि किसान जोगिंद्र ने खेत की बिजली लाइन में फॉल्ट को लेकर बिजली विभाग में शिकायत दी थी। शिकायत के बाद सौरभ फॉल्ट ठीक करने के लिए खेत में पहुंचा था।
जानकारी के मुताबिक, बिजली कर्मचारी सौरभ जब फॉल्ट ठीक करने का काम कर रहा था, तभी उसने खेत में मौजूद किसान जोगिंद्र को मदद के लिए बुलाया। दोनों बिजली लाइन में फॉल्ट ठीक करने में जुटे थे कि इसी दौरान अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई।
बिजली आने से दोनों करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि बिजली फॉल्ट को लेकर विभाग में दो बार शिकायत दी गई थी। उनका कहना है कि गांव में रोजाना करीब 11 बजे बिजली आती है, लेकिन हादसे के दिन सुबह 10 बजे ही बिजली सप्लाई आ गई। परिजनों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि फॉल्ट ठीक करने के दौरान दोनों के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण भी नहीं थे।
रक्षाबंधन के त्योहार पर हुए इस हादसे से गांव मुड़लाना और सिवानका में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी है, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।