गोहाना: कश्यप चौक के पास सड़क पर मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
गोहाना के पानीपत रोड पर गांव बुडशाम निवासी राजेश का शव मिला। दोस्त के बेटे के जन्मदिन में शामिल होने आया था मृतक। पुलिस ने बाइक बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गोहाना : गोहाना में पानीपत रोड कश्यप चौक के पास सड़क पर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजेश के रूप में हुई है, जो पानीपत जिले के गांव बुडशाम का निवासी था। सुबह किसी राहगीर ने सड़क पर शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर मृतक की बाइक भी बरामद हुई है।
सिक्योरिटी गार्ड था मृतक
पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचित किया। परिजनों के अनुसार राजेश पानीपत में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था और वह अपने एक दोस्त के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए गोहाना आया था। परिजनों ने आशंका जताई है कि रास्ते में किसी पशु के बाइक से टकराने के कारण वह गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

