Sonipat News Update: पुजारी सचिन की हत्या मामले में पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों की तलाश जारी

गोहाना के कधूरा गांव में देवी मंदिर के 25 वर्षीय पुजारी सचिन की अश्लील अफवाह फैलाने के बाद भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है।

 
Sonipat crime update

सोनीपत जिले के गोहाना के कधूरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां देवी मंदिर के 25 वर्षीय पुजारी सचिन की ग्रामीणों की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक सचिन पिछले तीन सालों से इसी मंदिर में बतौर पुजारी सेवा दे रहा था। यह घटना उस समय घटी जब गांव में अचानक एक अश्लील अफवाह उड़ाई गई, जिसके बाद कुछ लोगों ने उग्र होकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

📞 परिजन को दी गई थी झूठी सूचना, भाई ने जताई रंजिश की आशंका

कैथल के गांव रोहेड़ा निवासी मृतक के भाई अमन ने बताया कि उन्हें पहले फोन पर सूचना मिली थी कि सचिन को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है और वह गंभीर रूप से घायल हैं। जब वे मौके पर पहुंचे तो पता चला कि कुछ बाहरी लोग सचिन से मारपीट कर उन्हें गंभीर हालत में छोड़कर गए थे, जिनकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई। अमन ने बताया कि घटना से दो-तीन दिन पहले ही सचिन की फोन पर बात हुई थी, तब उन्होंने कुछ लोगों द्वारा परेशान किए जाने की बात कही थी। परिवार को अंदेशा है कि रंजिश के चलते ही यह साजिश रची गई।

⚖️ पुलिस ने दर्ज किया मामला, एसीपी ने निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी का दिया आश्वासन

दूसरी तरफ पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि कथूरा मंदिर के पुजारी के साथ अश्लील हरकतों के शक में मारपीट की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सरपंच प्रतिनिधि की मदद से पुजारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण किया है। एसीपी संदीप कुमार ने मीडिया को बताया कि मृतक के भाई अमन की शिकायत पर सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।