IMT Sector 7 Police Station Case: स्क्रैप माफियाओं ने दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मामला और शुरू की जांच

आईएमटी मानेसर में स्क्रैप उठाने के वर्चस्व को लेकर कैंटर पर हमला। बदमाशों ने गाड़ी के शीशे तोड़े और ड्राइवर को धमकाया।
 
bolero car attack Manesar

गुड़गांव : आईएमटी मानेसर सेक्टर-आठ के पास स्क्रैप (कबाड़) उठाने के व्यावसायिक वर्चस्व को लेकर दबंगई का मामला सामने आया है। डीआरआई चौक के पास बिना नंबर प्लेट की बोलेरो गाड़ी में आए चार बदमाशों ने एक स्क्रैप से भरे कैंटर का रास्ता रोककर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने कैंटर के शीशे और लाइटें तोड़ दीं और चालक के साथ हाथापाई करते हुए भविष्य में स्क्रैप उठाने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आईएमटी सेक्टर-सात थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-10ए निवासी चिराग ने पुलिस को दी शिकायत बताया कि हयातपुर में उनकी संतोष एंटरप्राइजेज के नाम से पेपर स्क्रैप का गोदाम है। मानेसर और आसपास की कंपनियों व इलाकों से कबाड़ उठाने का काम करते हैं। पीड़ित के अनुसार, कुछ दिन पहले बासलांबी निवासी प्रदीप का उनके पास फोन आया था। प्रदीप ने चिराग को चेतावनी दी थी कि वह सेक्टर-आठ मानेसर से स्क्रैप न उठाए, क्योंकि वहां से उसका भाई हिमांशु और मोनू स्क्रैप उठाएंगे।

तीन सितंबर को चिराग का कैंटर चालक संतोष निवासी जिला पूर्वी चंपारण, बिहार कैंटर में सेक्टर-आठ से स्क्रैप भरकर हयातपुर गोदाम जा रहा था। दोपहर के वक्त जैसे ही कैंटर डीआरआई चौक से थोड़ा पीछे पहुंचा, तभी अचानक एक बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी ने कैंटर के आगे अपनी गाड़ी अड़ाकर उसका रास्ता रोक लिया। बोलेरो में चार व्यक्ति सवार थे, जिनमें से तीन युवक हाथों में डंडे लेकर नीचे उतरे। नीचे उतरते ही आरोपियों ने अंधाधुंध वार कर कैंटर के शीशे और लाइटें तोड़ दीं। आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट और हाथापाई की तथा जाते-जाते धमकी दी कि अगर आज के बाद यहां से स्क्रैप उठाने आया, तो तुझे जान से मार देंगे। 

 घटना के तुरंत बाद पुलिस कंट्रोल रूम को डीआरआई चौक पर गाड़ियों के शीशे तोड़े जाने और मारपीट की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर थाने के साथ मौके पर पहुंचे। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।