Bilaspur Police Station Gurgaon: लांगड़ा गांव में हाईवोल्टेज ड्रामा, आपसी विवाद और हमले के बाद दोनों पक्षों पर केस दर्ज

गुड़गांव के लांगड़ा गांव में पत्नी पर पति की हत्या के लिए बदमाशों को घर में घुसाने का आरोप। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर दर्ज किया केस।
 
property dispute attack Haryana

गुड़गांव : लांगड़ा गांव में एक महिला पर अपने ही पति की हत्या कराने की नीयत से तीन अज्ञात युवकों को घर में घुसाने का गंभीर आरोप लगा है। ग्रामीणों की तत्परता से दो आरोपियों को मौके से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि एक आरोपी फरार होने में कामयाब रहा। बिलासपुर थाना पुलिस ने पीड़ित पति की शिकायत पर मौके के निरीक्षण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में लांगड़ा गांव निवासी आनंद फोगाट ने बताया कि 21 अगस्त की रात करीब नौ बजे उनकी पत्नी एकता राठी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आनंद डर के मारे अपने ऊपरी कमरे में चले गए। कुछ समय बाद उन्होंने देखा कि पड़ोसी की छत के रास्ते तीन युवक उनके घर में कूद आए। जान का खतरा देखकर आनंद ने शोर मचाया, जिसे सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों को घेर लिया। इस दौरान बदमाशों ने ग्रामीणों के साथ हाथापाई भी की, लेकिन ग्रामीणों ने दो युवकों को दबोच लिया। भागने और छत से कूदने के चक्कर में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। पकड़े गए युवकों की पहचान मनीष और जितेंद्र के रूप में हुई, जिन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं, तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।

पीड़ित आनंद के अनुसार घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। फुटेज में उनकी पत्नी एकता राठी तीनों युवकों को घर में घुसाने में मदद करती और दूसरे कमरे से सीढ़ी लाकर देती हुई साफ दिखाई दे रही है। वारदात में इस्तेमाल की गई एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी भी गांव लांगड़ा में खड़ी पाई गई। आनंद ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 29 जुलाई को भी पुलिस आयुक्त गुरुग्राम से अपनी पत्नी की शिकायत की थी। इसके अलावा, उनकी पत्नी के खिलाफ अवैध हथियार रखने के आरोप में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है, जिसमें वह वर्तमान में जमानत पर बाहर है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपों और साक्ष्यों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

वहीं,  दूसरी ओर पारिवारिक विवाद के चलते लाठी-डंडों और हथियारों से लैस लोगों द्वारा जानलेवा हमला करने, गाड़ी के शीशे तोड़ने और गहने-फोन छीनने का आरोप है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत, घायलों की एमएलआर और उच्च अधिकारियों द्वारा किए गए मौके के निरीक्षण के बाद आरोपी पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।  पटौदी के हेली मंडी निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी एकता राठी का विवाह लांगड़ा गांव निवासी आनंद के साथ हुआ है। 21 अगस्त की रात एकता के साथ उसके ससुराल वालों ने मारपीट और छेड़छाड़ की थी, जिसकी शिकायत 22 अगस्त को बिलासपुर थाने में दी गई थी। 23 अगस्त को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद राजकुमार अपने भाई संत कुमार के साथ बेटी एकता को वापस लांगड़ा छोड़ने गए थे।

शिकायत के अनुसार जैसे ही वे गांव लांगड़ा पहुंचे, वहां पहले से मौजूद लोगों पर आरोप है कि सभी ने एकराय होकर लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान पीड़ितों की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। आरोप संत कुमार के गले की सोने की चेन, एकता का मंगलसूत्र और आईफोन 16 प्रो मैक्स छीनने का आरोप लगाया गया। ग्रामीणों के बीच-बचाव करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से हट गए। हादसे के बाद घायल राजकुमार और संत कुमार को इलाज के लिए पटौदी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर बिलासपुर थाना पुलिस टीम ने दोनों पक्षों से पूछताछ की और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस जांच में पाया गया कि मोबाइल छीनने की बात स्पष्ट नहीं हुई , लेकिन आनंद पक्ष द्वारा राजकुमार और संत कुमार के साथ मारपीट किए जाने और चोटें पहुंचाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।