Gurgaon Suicide News: शादी से इंकार करने पर युवती ने उठाया खौफनाक कदम, सदर थाना पुलिस ने दर्ज किया केस

गुरुग्राम में लिव इन में रहने वाली युवती ने आत्महत्या की। प्रेमी पर प्रेगनेंट कर शादी से इंकार करने का आरोप, केस दर्ज।
 
Sadar police station Gurgaon

गुड़गांव : लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली युवती ने उस वक्त अपनी जान दे दी जब उसके बॉयफ्रेंड ने उसे प्रेगनेंट कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उससे शादी करने से इंकार कर दिया। युवती की मौत की सूचना जब परिजनों को मिली तो वह गुड़गांव पहुंचे और आरोपी बॉयफ्रेंड के खिलाफ शिकायत देकर केस दर्ज कराया। परिजनों ने आरोपी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से रेवाड़ी के रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी बेटी रोहित नाम के युवक के साथ गांव झाड़सा में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। इस दौरान दोनों में कई बार संबंध भी बने और उनकी बेटी गर्भवती हो गई। उनकी बेटी ने रोहित से शादी करने के लिए कहा तो वह पहले टालता रहा, लेकिन बाद में रोहित ने उससे शादी करने से इंकार कर दिया। आरोप है कि रोहित ने उनकी बेटी को इतना प्रताड़ित किया कि वह मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने 19 सितंबर को अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। युवती की मौत होने की सूचना जब मकान मालिक ने सदर थाना पुलिस को दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती के परिजनों को इसकी सूचना दी गई। रेवाड़ी से गुड़गांव पहुंचे युवती के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।