गुड़गांव: सोहना एलिवेटेड रोड पर स्टंटबाजी पड़ गई भारी, रील बनाने वाले गिरफ्तार

गुड़गांव में रील बनाने के चक्कर में सोहना एलिवेटेड रोड पर स्टंटबाजी करना पड़ा महंगा। पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त की और 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार।
 
वायरल वीडियो स्टंट

गुड़गांव : गुड़गांव पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन स्टंडबाजों को काबू कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से स्टंटबाजी में प्रयोग की जा रही स्कॉर्पियो गाड़ी को भी बरामद किया है। आरोपियों द्वारा गांव धुनेला के पास सोहना एलिवेटेड रोड पर बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर रील बनाई जा रही थी। स्टंटबाजी करने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, भोंडसी थाना क्षेत्र में सोहना एलिवेटेड रोड पर गांव धुनेला के पास एक Scorpio गाड़ी को बीच सड़क पर खड़ा करके स्टंटबाजी करने की वीडियो वायरल हुई थी। इस गाड़ी को बीच सड़क पर खड़ी करने के कारण कई वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ गई। ऐसे में पुलिस को जब यह वायरल वीडियो मिली तो पुलिस हरकत में आई और भोंडसी थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच करते हुए एक नाबालिग सहित तीन लोगों को काबू किया।

मामले में स्टंटबाजी करने वाले की पहचान गांव धुनेला निवासी नूरदीन (36) के रूप में हुई। उसके साथ स्टंटबाजी करने में एक नाबालिग भी शामिल था। मामले में पुलिस ने गाड़ी मालिक को केस की जांच में शामिल किया है। जांच के दौरान सामने आया कि नूरदीन ने नाबालिग को गाड़ी दी थी जिसने गाड़ी को बीच सड़क पर खड़ा करके स्टंटबाजी की थी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले की जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।