गुड़गांव: शराब ठेके पर सेल्समैन के साथ मारपीट, नकदी और शराब लूट फरार
गुड़गांव के सोहना में तीन युवकों ने शराब ठेके के सेल्समैन को पीटा, सिर पर बोतल मारकर नकदी और शराब लूटी। केस दर्ज, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी।
गुड़गांव : शराब के ठेके पर सेल्समैन के साथ मारपीट कर लूट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने न केवल सेल्समैन को पीटा बल्कि उसके सिर पर शराब की बोतल मार दी जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। आरोपी ठेके के गल्ले में रखी नकदी व शराब की कुछ बोतलें लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से इलाहबाद उत्तर प्रदेश के रहने वाले विकास ने पुलिस को बताया कि वह सोहना के दमदमा में सेगल वाइन्स शॉप पर बतौर सेल्समैन कार्यरत है। 16 जुलाई की देर रात को ठेके पर तीन युवक आए। एक युवक गेट पर खड़ा हो गया जबकि दो युवक ठेके के अंदर घुस गए। दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की और शराब की बोतल उठाकर उसके सिर पर मार दी। इस घटना में वह घायल होकर गिर गया। इसी दौरान आरोपी युवकों ने उनके गल्ले में रखे 40 हजार रुपए नकद व कुछ शराब की बोतलें लूट ली। इसके साथ ही आरोपी जाते हुए कुछ शराब की बोतलें फोड़ गए।
घटना के बाद घायल को सोहना सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत देखते हुए रेफर कर दिया गया। इसके बाद वह निजी अस्पताल में इलाज करने गया। इसकी सूचना मिलते ही सोहना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 309(4), 309(6), 324(4) के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

