गुड़गांव: मेदांता अस्पताल के बाहर प्रदर्शन रोकने को कांग्रेस नेता हाउस अरेस्ट

सोनम वांगचुक से मिलने और प्रदर्शन से रोकने के लिए गुड़गांव पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज डावर समेत कई नेताओं को किया हाउस अरेस्ट। युवा कांग्रेस का मार्च आज।

 
Haryana political news 2026

गुड़गांव : छात्रों की आवाज बुलंद करने वाले प्रसिद्ध इंजीनियर सोनम वांगचुक को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया है। ऐसे में कांग्रेसी अस्पताल के बाहर प्रदर्शन न करें अथवा उनसे मिलने का प्रयास न करे इसके मद्देनजर गुड़गांव पुलिस ने कांग्रेस के कई पदाधिकारियों को देर रात को हाउस अरेस्ट कर दिया। कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर को देर रात को हाउस अरेस्ट कर दिया गया। वहीं, कई अन्य पदाधिकारियों के घर पुलिस तो गई, लेकिन उन पदाधिकारियों के दिल्ली में होने की सूचना मिलने पर पुलिस वापस लौट आई। हालांकि उनके घर पर पुलिस ने पैनी नजर गाढ़ दी है। 

हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं को नोटिस भी जारी करते हुए पुलिस ने शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और मेदांता अस्पताल के आसपास प्रदर्शन न करने अथवा मार्च न निकालने की हिदायत भी दी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि आज पूरे देश में तानाशाही का माहौल है। जंतर मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पहुंचे छात्रों पर सरकार ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए उन पर लाठीचार्ज किया। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के खिलाफ माेर्चा खोला तो सरकार पूरी तरह से डर गई। यही कारण है कि आज हर वर्ग की आवाज दबाने का कार्य पुलिस और केंद्र की भाजपा सरकार कर रही है।

वहीं, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि शिक्षा और छात्रों और युवाओं का भविष्य बचाने के लिए वह बुधवार शाम को शिक्षा- भविष्य बचाओ मार्च निकालेंगे। शाम सात बजे भीम नगर से निकाला जाने वाला मार्च न्यू कॉलोनी मोड़ तक जाएगा जहां दिल्ली में लाठीचार्ज के दौरान मृत हुए छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।