गुरुग्राम: फेसबुक पर नामी कंपनियों के नाम से ठगी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम साइबर सेल ने नामी कंपनियों के विज्ञापन दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। दिल्ली से 5 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में गैजेट्स बरामद। रहें सावधान!
गुरुग्राम: मानेसर साइबर क्राइम यूनिट ने फेसबुक पर चल रहे बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है. क्राइम यूनिट ने दिल्ली से शातिर गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. ये गिरोह नामी कंपनियों जैसे- बिग बास्केट और डी-मार्ट के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था. एसीपी साइबर क्राइम गौरव फोगाट ने बताया कि ठगों ने फेसबुक पर बिग बास्केट और डी-मार्ट के बेहद लुभावने विज्ञापन पोस्ट किए थे.
साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश: लुभावने विज्ञापन के झांसे में आकर सुरेंद्र सिंह नाम का एक पीड़ित इनके जाल में फंस गया. उसने पुलिस को शिकायत दी. जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इंस्पेक्टर मनोज और ASI विकास की टीम ने सूचना के आधार पर दिल्ली के ए ब्लॉक, न्यू अशोक विहार में छापेमारी की और पांचों आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया.
दिल्ली में रेड, पांच आरोपी गिरफ्तार: पकड़े गए आरोपियों में से 3 बिहार और 2 उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जो पिछले 6 महीनों से साइबर ठगी के इस काले धंधे को अंजाम दे रहे थे. पुलिस को इनके ठिकाने से 18 मोबाइल फोन,18 सिम कार्ड और 1 टैबलेट बरामद हुआ है. आरोपियों से पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. आरोपी ठगी की रकम से 25,000 से 30,000 रुपये तक के नए मोबाइल फोन खरीदते थे.
आरोपी दिल्ली से चला रहे थे नेटवर्क: एसीपी साइबर क्राइम पुलिस गौरव फोगाट ने बताया कि "पिछले 3 महीनों से ये गिरोह दिल्ली के ठिकाने से पूरा नेटवर्क चला रहा था. हमने जनता से अपील की है कि वो सोशल मीडिया पर दिखने वाले किसी भी संदेहास्पद और जरूरत से ज्यादा सस्ते विज्ञापनों के बहकावे में ना आएं. सबसे जरूरी बात, किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने फोन में कोई भी APK फाइल डाउनलोड ना करें, ये आपके बैंक खाते को खाली कर सकती है."

