गुरुग्राम: 'पव्वा डॉन' की गुंडागर्दी, अंडा कारोबारी के ऑफिस में तोड़फोड़
गुरुग्राम के खेड़की माजरा में 50 हजार की मंथली न देने पर अंडा कारोबारी के ऑफिस पर हमला। डंडों और कुल्हाड़ी से तोड़फोड़, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात।
गुरुग्राम: खेड़की माजरा इलाके में जबरन वसूली को लेकर एक अंडा कारोबारी के कार्यालय पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ लोग देर रात कारोबारी के ऑफिस में घुस आए और जमकर तोड़फोड़ करने के साथ कर्मचारियों की पिटाई कर दी. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है. पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
मंथली नहीं देने पर अंडे व्यापारी पर हमला: पीड़ित कारोबारी अंकुश यादव खेड़की माजरा गांव के रहने वाले हैं. अंकुश ने बताया कि वह अंडे का व्यापार करते हैं. उनका आरोप है कि पिछले कुछ समय से इलाके का एक युवक, जिसे पव्वा डॉन के नाम से जाना जाता है, उन पर दबाव बना रहा था. आरोप के मुताबिक, उससे हर महीने 50 हजार रुपये देने की मांग की जा रही थी. रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी.
ऑफिस में की तोड़फोड़: अंकुश यादव का कहना है कि उन्होंने किसी भी तरह की मंथली देने से इनकार कर दिया. इसके बाद देर रात आरोपी अपने कई साथियों के साथ उनके कार्यालय पहुंचा. आरोप है कि हमलावरों ने डंडों और कुल्हाड़ी जैसे हथियारों से ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की. कार्यालय में रखा सामान क्षतिग्रस्त कर दिया गया और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई.
सीसीटीवी में कैद वारदात, पुलिस की जांच जारी: शोर-शराबा सुनकर जब दुकान मालिक और अन्य लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई. जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है. पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के मुताबिक "सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी."

