Government Girls College Gurugram: कोर्ट प्रॉपर्टी बनने के कारण कॉलेज में ताले में कैद हैं मशीनें, 19 महीने से नहीं हटा सामान

गुरुग्राम के गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज की कक्षाओं और लैब में 19 महीने से ईवीएम मशीनें रखी हैं। कोर्ट केस के कारण स्ट्रॉन्ग रूम बंद होने से छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है।

 
Haryana local news update

गुड़गांव : नगर निगम गुरुग्राम के चुनाव हुए 19 महीने का समय बीत गया है, लेकिन अब तक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) गर्ल्स कॉलेज की क्लासरूम और लैब में रखी हुई हैं। इस कारण छात्र न तो अपनी कक्षाओं में जा पा रहे हैं और न ही लैब का उपयोग कर पा रहे हैं। इस कारण छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है। चुनावों के दौरान गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज में ईवीएम मशीन रखने के लिए स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया था। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कोर्ट केस होने के कारण यह स्ट्रॉन्ग रूम कोर्ट प्रॉपर्टी बन गए जिसके बाद से इन पर ताला लगा हुआ है। 

आपको बता दें कि साल 2025 में हुए नगर निगम चुनाव के बाद गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज में वोटों की गिनती के लिए स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया था। फरवरी 2025 में कॉलेज की लैब समेत कई कमरों में ईवीएम समेत अन्य सामान रखा गया था। कम्प्यूटर लैब के अलावा कॉमर्स ब्लॉक के कमरा नंबर 59 और 108 समेत पूरी बिल्डिंग में रखे इस सामान को चुनाव परिणाम घोषित होने के 19 महीने बाद भी नहीं हटाया गया। इस संबंध में एक शिकायत डीसी गुरुग्राम से लेकर राज्य चुनाव आयुक्त तक भेजी गई है।  सामान को शिफ्ट करने के लिए गुरुग्राम के जिला उपायुक्त कार्यालय ने 26 सितंबर 2025 को बाकायदा लिखित आदेश जारी किए थे कि इस सामग्री को कॉलेज से हटाकर राज्य निर्वाचन आयोग के पंचकूला स्थित मुख्यालय में जमा कराया जाए, लेकिन आदेश के करीब एक साल बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। 

वहीं, गुरुग्राम के चुनाव तहसीलदार सुरेंद्र भारद्वाज के मुताबिक, नगर निगम चुनाव को लेकर गुरुग्राम कोर्ट में एक मामला विचाराधीन है। चुनाव में गड़बड़ी होने का आरोप लगाते हुए अदालत में एक व्यक्ति ने केस दायर किया है जिसके बाद यह स्ट्रॉन्ग रूम केस प्रॉपर्टी बन गए। अब कोर्ट के आदेश पर ही इन स्ट्रॉन्ग रूम का ताला खोलने और यहां से सामान उठाया जा सकता है।