GIS Urban Planning News 2026: गुरुग्राम GMDA पहुंचे श्रीलंका के 40 वरिष्ठ अधिकारी: GIS शहरी नियोजन और भूमि प्रबंधन की ली जानकारी
गुड़गांव: गुरुग्राम में शहरी विकास और नागरिक सुविधाओं के प्रबंधन में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को समझने के लिए श्रीलंका के 40 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने GIS (भौगोलिक सूचना प्रणाली) आधारित शहरी नियोजन, भूमि प्रबंधन और आधारभूत ढांचे की निगरानी के लिए अपनाई जा रही डिजिटल व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
🗺️ वन मैप पोर्टल और सैटेलाइट इमेजरी से डाटा आधारित शहरी नियोजन
श्रीलंका का यह प्रतिनिधिमंडल नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस (NCGG), मसूरी की ओर से आयोजित भूमि प्रबंधन संबंधी 21वें क्षमता निर्माण कार्यक्रम में हिस्सा लेने भारत आया हुआ है। GMDA में प्रतिनिधिमंडल को प्राधिकरण के GIS डिवीजन की कार्यप्रणाली और तकनीकी नवाचारों से अवगत कराया गया। हरियाणा अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र (HARSAC) के निदेशक एवं GMDA के GIS डिवीजन के प्रमुख डॉ. सुल्तान सिंह ने श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल को बताया कि किस प्रकार GIS तकनीक के माध्यम से विभिन्न विभागों के भूमि रिकॉर्ड और आधारभूत ढांचे से जुड़ी जानकारियों को एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर GMDA के वन मैप पोर्टल की कार्यप्रणाली का विशेष रूप से प्रदर्शन किया गया। इस पोर्टल पर भूमि की मलकीयत, सड़कें, फ्लाईओवर, स्ट्रीट लाइट, CCTV कैमरे, ड्रेनेज नेटवर्क, यूटिलिटी सेवाएं, फुटपाथ और ग्रीन बेल्ट सहित विभिन्न सुविधाओं का भौगोलिक डाटा उपलब्ध है। इसके माध्यम से घरों की मैपिंग, सड़क निगरानी, यातायात आकलन और आधारभूत ढांचे की योजना बनाने में भी मदद मिलती है। डॉ. सुल्तान सिंह ने बताया कि GIS के माध्यम से विभिन्न विभागों का डाटा एक मंच पर उपलब्ध होने से शहरी नियोजन में पारंपरिक तरीकों के बजाय डाटा आधारित निर्णय लेना आसान हुआ है। इससे विकास कार्यों की निगरानी, आधारभूत ढांचे की कमियों की पहचान और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि सैटेलाइट इमेजरी के जरिए भूमि उपयोग में बदलाव और नए निर्माण की पहचान करने के साथ-साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI), मिट्टी की स्थिति और मौसम संबंधी जानकारियों की निगरानी भी की जा रही है।
📱 म्हारी सड़क सहित हारसैक के डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रदर्शन
प्रतिनिधिमंडल को HARSAC की ओर से विकसित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी भी दी गई। इनमें म्हारी सड़क, व्हीकल लाइव ट्रैकिंग, वन मैप जल पोर्टल, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा, जी-फसल डैशबोर्ड, स्मार्ट पुलिसिंग पोर्टल, एयर पॉल्यूशन मॉनिटरिंग और बिल्डअप पोर्टल शामिल हैं। इन प्लेटफॉर्म के माध्यम से भूमि प्रबंधन, कृषि, परिवहन, जल संसाधन और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में तकनीक आधारित निगरानी की जा रही है। म्हारी सड़क ऐप के माध्यम से सड़क संबंधी शिकायतों की लोकेशन ट्रैक कर उनका समाधान करने की व्यवस्था को भी श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल के समक्ष प्रदर्शित किया गया। इस ऐप की मदद से शिकायत वाले स्थान की पहचान कर संबंधित अधिकारियों तक जानकारी पहुंचाई जाती है, जिससे समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
🤝 श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल ने सराही GIS आधारित डिजिटल पहल
श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल में K.P.N.S. विजेथुंगे, D.M.S. दिसानायके, E.M.G.G. महानामा और W.A.S.C.G. जांजा सहित विभिन्न क्षेत्रों के डिविजनल सचिव शामिल रहे। इनके अलावा P. पिराभाकर, वरिष्ठ उप रजिस्ट्रार जनरल, I.B. गुणावर्धना, अतिरिक्त भूमि आयुक्त जनरल तथा भूमि आयुक्त जनरल विभाग और सर्वे विभाग के अधिकारी भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे। प्रतिनिधिमंडल के अधिकारियों ने GMDA और HARSAC की GIS आधारित पहलों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से भूमि प्रबंधन, आधारभूत ढांचे की निगरानी, विभागीय समन्वय और नागरिक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन में इन डिजिटल प्लेटफॉर्म की उपयोगिता को महत्वपूर्ण बताया।