Gurugram Golf Course Road Incident: सफेद रंग की सियाज कार ने बाइक को मारी टक्कर, महिला ने लगाई न्याय की गुहार

गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार को कार से टक्कर मारने का मामला आया सामने। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी।
 
Maruti Ciaz road rage Gurugram

गुरुग्राम: रविवार की शाम गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक सवार ने कार सवार युवकों पर उसका पीछा करने और जानबूझकर बाइक में टक्कर मारने का आरोप लगाया है. महिला के मुताबिक, वो बाइक से जा रही थी, इस दौरान सफेद रंग की Maruti Suzuki Ciaz में सवार कुछ युवकों ने उसे रुकने का इशारा किया और उसका पीछा किया. जब महिला ने उनको दूर रहने की चेतावनी दी, तो कार सवारों ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी.

बाइक सवार महिला को कार ने मारी टक्कर: महिला का आरोप है कि उसने कार सवार को दूर रहने की चेतावनी दी थी. जिसके बाद कार सवारों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया. कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद युवकों ने कार से उसकी बाइक में टक्कर मार दी गई. ये पूरी घटना महिला की बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. जिसके आधार पर महिला ने पुलिस को शिकायत दी है. पुलिस ने भी महिला की शिकायत के बाद आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.

महिला ने आरोपियों के खिलाफ की कार्रवाई की मांग: महिला के मुताबिक, कार की टक्कर से बड़ा सड़क हादसा हुआ. हादसे के बाद कार में सवार लोग मौके से फरार हो गए. घटना के बाद महिला ने संबंधित अधिकारियों से मामले में कार्रवाई की मांग की है. महिला ने सफेद रंग की Maruti Suzuki Ciaz और उसमें सवार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.

गुरुग्राम पुलिस मामले की जांच में जुटी: मामले पर पुलिस प्रवक्ता संदीप ने कहा कि महिला की शिकायत पर आरोपियों की तलाशी तेज कर दी है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.