Gurugram Skill Gap Report: इससे पहले यूनिवर्सिटी में जारी हुई थी स्किल गैप रिपोर्ट, युवाओं के रोजगार पर सरकार का फोकस
गांधी जयंती के अवसर पर सीएम नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में GVP मुक्त अभियान की शुरुआत की है। शहर के 189 कूड़ा संवेदनशील स्थानों को साफ किया जाएगा।
गुरुग्राम: गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में Garbage Vulnerable Points (GVP) मुक्त अभियान की शुरुआत की. यह अभियान "सेवा संकल्प अभियान" के तहत चलाया जा रहा है. इसके तहत शहर में चिन्हित कूड़ा संवेदनशील स्थानों से गंदगी हटाकर उन्हें स्वच्छ बनाने का लक्ष्य रखा गया है. गुरुग्राम में करीब 189 ऐसे स्थान चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें अगले करीब 10 दिनों में कूड़ा मुक्त करने का लक्ष्य है.
189 स्थानों पर चलेगा विशेष सफाई अभियान: प्रशासन की ओर से चिन्हित GVP ऐसे स्थान हैं, जहां बार-बार कूड़ा जमा होने की समस्या रहती है. अभियान के तहत इन स्थानों की सफाई के साथ भविष्य में यहां दोबारा कूड़ा न जमा हो, इस दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे. स्वच्छता अभियान को केवल एक दिन की गतिविधि तक सीमित रखने के बजाय इसे नियमित व्यवस्था से जोड़ने पर जोर दिया गया है. कूड़ा संवेदनशील स्थानों को खत्म करना शहर की सफाई व्यवस्था का अहम हिस्सा माना जाता है.
"स्वच्छता में सभी की भागीदारी जरूरी": मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि, "स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, इसमें आमजन की भागीदारी भी जरूरी है. लोगों से अपील है कि वे न खुद कूड़ा फैलाएं और न ही दूसरों को ऐसा करने दें. घर, गली, मोहल्ले और बाजार के आसपास सफाई बनाए रखने में हर व्यक्ति की भूमिका है. युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ व्यापारियों व दुकानदारों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील है."
गीले-सूखे कचरे को अलग रखने पर जोर: मुख्यमंत्री ने कचरे के सेग्रीगेशन पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि, "गीले और सूखे कचरे के साथ प्लास्टिक और कांच जैसे कचरे को अलग-अलग निर्धारित स्थान पर डालना चाहिए.कचरे का सही तरीके से अलग-अलग संग्रह होने से उसके निस्तारण और रीसाइक्लिंग की प्रक्रिया आसान होती है. स्वच्छ और सुंदर वातावरण से लोगों को बेहतर माहौल मिलता है तथा स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाया जाना चाहिए."
ODF अभियान के परिणामों का किया जिक्र: मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खुले में शौच मुक्त भारत के आह्वान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि, "ODF अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और हरियाणा ODF तथा ODF Plus की दिशा में आगे बढ़ रहा है. साफ-सफाई बनाए रखने से कई बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है."
प्रदूषण और बदलते मौसम पर भी बात: गुरुग्राम में आने वाले दिनों में प्रदूषण को नियंत्रित करने की तैयारियों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि, "सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है. शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ लोगों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है."
कल गुरुग्राम में स्किल गैप रिपोर्ट भी जारी हुई थी: बता दें कि इससे एक दिन पहले, 1 अक्टूबर को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा की स्टेट स्किल गैप स्टडी और 23 जिलों की स्किल गैप रिपोर्ट जारी की थी. उन्होंने कहा था कि, "प्रदेश में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत युवाओं की प्रतिभा को उद्योगों की मांग और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की है. रिपोर्ट में उद्योगों की जरूरत, जिलों की औद्योगिक क्षमता, युवाओं के कौशल और रोजगार की संभावनाओं का आकलन किया गया है."