Gurugram Traffic and Waterlogging: दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पानी में डूबी, गुरुग्राम में दृश्यता घटी, वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी
गुरुग्राम में लगातार दूसरे दिन भारी बारिश से कई सेक्टरों व सड़कों पर जलभराव हो गया है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच प्रशासन ने वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की।
गुरुग्राम: लगातार दूसरे दिन भी मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. तेज बारिश के चलते शहर की रफ्तार धीमी पड़ गई है और कई अंदरूनी सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई. बारिश के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) भी काफी कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को सावधानी के साथ सफर करना पड़ा.
कई सेक्टरों और सर्विस लेन में भरा पानीः बारिश के बाद सेक्टर-31, सेक्टर-40, सेक्टर-15 पार्ट-1, सेक्टर-15 पार्ट-2, सेक्टर 10 और सेक्टर-14 सहित कई इलाकों में जलभराव देखने को मिला. वहीं दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर भी पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ.
जलभराव से बढ़ी लोगों की परेशानीः लगातार हो रही बारिश के कारण कई कॉलोनियों और सड़कों पर पानी भर गया. दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और अन्य लोगों को जलभराव के बीच आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई जगहों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए, जिससे ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ गया.
मौसम विभाग का अलर्टः भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही गुरुग्राम समेत एनसीआर में दो दिनो तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था. मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले ही निजी और कॉर्पोरेट कंपनियों के लिए वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी कर दी थी, ताकि सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम रहे और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.

