Gurugram Hit and Run Case: पलवल के टिकरी गुर्जर गांव के रहने वाले आरोपी ने दी सफाई, वायरल वीडियो को बताया अधूरा

गुरुग्राम कार-बाइक टक्कर मामले में आरोपी कल्याण बैंसला ने रखी अपनी सफाई, वायरल वीडियो को बताया अधूरा।
 
Tikri Gujar Palwal news

पलवल: गुरुग्राम के हिट एंड रन मामले का आरोपी कल्याण बैंसला पलवल के टिकरी गुर्जर गांव का रहने वाला है. आरोपी कल्याण बैंसला ने घटना को लेकर अपना पक्ष रखा है. कल्याण बैंसला का कहना है कि बाइक से कार की टक्कर जरूर हुई थी, लेकिन ये जानबूझकर नहीं की गई. उन्होंने दावा किया कि बाइक राइडर्स उनकी कार के आगे-पीछे बेतरतीब तरीके से चल रहे थे और इसी दौरान उनसे आगे निकलने की कोशिश में बाइक कार की साइड से टकरा गई.

आरोपी कल्याण बैंसला ने दी सफाई: कल्याण बैंसला पलवल में जिम चलाता है. कल्याण के मुताबिक, घटना के समय वो अपनी कार से गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रहे थे. उनके अनुसार, कई बाइक राइडर लगातार कभी कार के आगे तो कभी पीछे बाइक चला रहे थे. उन्होंने दावा किया कि करीब 10 मिनट तक बाइक सवार इसी तरह उन्हें परेशान करते रहे. जिसके चलते ये हादसा हुआ.

'बाइक राइडर को धीरे चलने का इशारा किया': कल्याण बैंसला ने बताया कि उन्होंने कार से हाथ बाहर निकालकर एक बाइक राइडर को इशारा किया था कि वो बाइक धीरे और संभलकर चलाए. उनका कहना है कि वो खुद भी बाइक राइडर हैं और उन्हें बाइक चलाना पसंद है, लेकिन उस समय बाइक सवारों की गतिविधियों से वो परेशान हो गए थे. उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्होंने कार की गति बढ़ाकर बाइक राइडर्स से आगे निकलने की कोशिश की. इस दौरान उन्हें आगे मुड़ना था और एक बाइक उनकी कार की साइड से टकरा गई.

रेड लाइट पर रुके, फिर क्यों चले गए? कल्याण बैंसला के अनुसार, बाइक से टक्कर होने के बाद उन्होंने रेड लाइट पर कार रोकी थी. उनका कहना है कि इसी दौरान उनके बड़े भाई ने उन्हें वहां रुकने से मना किया. भाई को आशंका थी कि वहां उनके साथ मारपीट हो सकती है. इसके बाद वो कार लेकर वहां से चले गए. कल्याण बैंसला ने कहा कि उनकी कार से बाइक राइडर की टक्कर हुई थी, लेकिन इसके पीछे उनकी कोई गलत मंशा नहीं थी. उन्होंने ये भी बताया कि बाद में उन्हें पता चला कि बाइक राइडर महिला थी और इस बात का उन्हें अफसोस है.

आरोपी ने वायरल वीडियो को बताया अधूरा: कल्याण बैंसला ने घटना की वायरल हो रही वीडियो क्लिप को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि मीडिया और सोशल मीडिया पर घटना की एक छोटी वीडियो क्लिप बार-बार दिखाई जा रही है, जबकि वो पूरी घटना नहीं दिखाती. उन्होंने मांग की कि घटना की पूरी वीडियो सामने लाई जाए, ताकि लोगों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिल सके और केवल एक छोटी क्लिप के आधार पर उनकी छवि न बनाई जाए.

डीएसपी से बात करने का दावा: कल्याण बैंसला ने दावा किया कि उन्होंने मामले को लेकर डीएसपी से बात की थी और अपना पक्ष भी उनके सामने रखा था. उन्होंने कहा कि इसके बावजूद उन्हें इस तरह पेश किया जा रहा है, जैसे वो कोई बड़ा अपराधी हों. उन्होंने दावा किया कि आज तक उनके खिलाफ कोई पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है. कल्याण बैंसला ने बताया कि वो जिम चलाते हैं, बच्चों को ट्रेनिंग देते हैं और खुद राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी रह चुके हैं.

फौजी दोस्त की कार लेकर गुरुग्राम गया था आरोपी: कल्याण बैंसला अपने फौजी दोस्त की कार लेकर गुरुग्राम गया था. फौजी के चाचा करतार गुर्जर ने कहा कि "इस पूरी घटना से हमारा कोई लेना-देना नहीं है. कल्याण कार मांग कर ले गया था. पुलिस भी हमारे घर आ चुकी है. वो लगातार पूछताछ कर रही है. हम हर संभव सहयोग के लिए तैयार हैं."

परिवार ने भी आरोपी के दावों का समर्थन किया: वहीं, कल्याण बैंसला के परिजनों ने भी घटना को लेकर उनके पक्ष का समर्थन किया है. परिजनों के मुताबिक, घटना के समय कार में उनकी बहन और बुआ का बेटा भी मौजूद था. उनका दावा है कि बाइक राइडर्स काफी देर तक कार के आगे-पीछे बेतरतीब तरीके से बाइक चला रहे थे. परिजनों का कहना है कि कल्याण बैंसला ने बाइक राइडर को धीरे और संभलकर चलने का इशारा भी किया था. उनका दावा है कि इसके बाद कार आगे निकालने की कोशिश के दौरान बाइक कार की साइड से टकराई.