Gurugram: इफको चौक पर डिवाइडर कूदकर ऑटो से टकराई जलती कार, कैब ड्राइवर ने बचाई जान

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर इफको चौक के पास भीषण हादसा। डिवाइडर पार कर जलती कार में फंसे बेहोश ड्राइवर को कैब चालक रितेश फोगाट ने जान पर खेलकर बचाया।
 
गुरुग्राम में कार में लगी आग

गुड़गांव : गुड़गांव से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई हैं। दिल्ली जयपुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार इफको चौक के नजदीक अचानक संतुलन को बैठी और डिवाइडर कूद कर सर्विस रोड पर पहुंच गई। सर्विस रोड पर न केवल इस कार ने एक ऑटो को टक्कर मारी बल्कि दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग खुल गए और ड्राइवर तक बेहोश हो गया। दीवार से टकराने के बाद कार में आग लग गई। यह नजारा जब दिल्ली जयपुर हाईवे पर जा रहे कुछ कैब ड्राइवरो ने देखा तो उन्होंने अपनी कैब रोक दी और तुरंत ही मौके पर भागे। 

कैब ड्राइवर रितेश फोगाट ने देखा कि कार के बोनट से आग की लपटे निकल रही है और ड्राइवर सीट पर एक व्यक्ति बेहोश है। रितेश ने अपनी जान की परवाह किये बगैर कार का पिछला गेट खोला और ड्राइवर को रेस्क्यू करना शुरू कर दिया। इस दौरान सीट बेल्ट लगी होने के कारण ड्राइवर सीट पर मौजूद व्यक्ति को बाहर निकलने में दिक्कत आई, लेकिन रितेश की बहादुरी ने एक व्यक्ति को जिंदा जलने से बचा लिया। तस्वीरों में आप साफ देख सकते हैं कि किस तरह से कैब ड्राइवर रितेश जलती हुई कार में मौजूद व्यक्ति का रेस्क्यू कर रहा है। कार से बाहर निकालने के बाद उसने बेहोश ड्राइवर को अस्पताल भिजवाया। यह तस्वीरे मिसाल है उस बहादुरी कि जब कोई एक्सीडेंट होता है और लोग पीड़ितों की मदद करने की बजाय केवल दूर खड़े होकर वीडियो बनाते हैं और आपस में चर्चा कर कर चले जाते हैं। इस कैब ड्राइवर की बहादुरी ने एक व्यक्ति को जिंदा जलने से बचा लिया।