गुरुग्राम: ऑनलाइन दोस्ती के बहाने बुलाकर युवक का अपहरण और लूट, 4 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम के मानेसर में युवक को मिलने बुलाकर पहाड़ियों में ले गए बदमाश। मारपीट कर खाते से ट्रांसफर कराए पैसे। अपराध शाखा ने नशे के आदी 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार।
गुरुग्राम: गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर इलाके में ऑनलाइन दोस्ती के जरिए युवक को बुलाकर उसके साथ अपहरण, मारपीट और लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने युवक को मिलने के बहाने बुलाया और फिर जबरदस्ती कार में बैठाकर वारदात को अंजाम दिया.
कार में बैठाकर पहाड़ियों की तरफ ले गए: पीड़ित युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 मई की रात आरोपी उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर कासन की पहाड़ियों की तरफ ले गए. वहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. युवक का मोबाइल फोन छीन लिया गया और उससे बैंक खाते का पासवर्ड पूछकर पैसे ट्रांसफर कराए.
खाते से पैसे ट्रांसफर कराए: गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता अशोक ने प्रेसवार्ता में बताया कि, "आरोपियों ने युवक से 50 हजार रुपये की मांग की थी. बदमाशों ने मोबाइल अपने कब्जे में लेकर उसके खाते से 2,500 रुपये ट्रांसफर कर लिए. किसी तरह मौका मिलते ही युवक वहां से भाग निकला और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी."
चार आरोपी गिरफ्तार: गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता अशोक ने आगे बताया कि, "मामले की जांच करते हुए अपराध शाखा मानेसर की टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों की पहचान आशीष, नरेश कुमार, शिवम और आशु के रूप में हुई है. इनमें से तीन आरोपियों को आईएमटी मानेसर क्षेत्र से जबकि चौथे आरोपी आशु को भांगरौला गांव से पकड़ा गया."
नशे की लत पूरी करने के लिए की वारदात: गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता अशोक ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि, "पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नरेश रैपिडो चलाता है, जबकि आशु परचून की दुकान संचालित करता है. घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार दादरी से किराए पर ली गई थी. युवक के खाते से ट्रांसफर कराए गए पैसे नरेश के बैंक खाते में भेजे गए. आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की तैयारी कर रही है."

