Halla Bol Protest Uday Bhanu Chib News 2026: गुरुग्राम में Meta मुख्यालय के बाहर युवा कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन: कई नेता व कार्यकर्ता गिरफ्तार

गुरुग्राम में Meta India मुख्यालय के बाहर युवा कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन; सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी, कई गिरफ्तार।
 
Halla Bol protest Uday Bhanu Chib news

गुरुग्राम: भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में शनिवार को गुरुग्राम स्थित Meta India मुख्यालय के बाहर युवा कांग्रेस ने जोरदार ‘हल्ला बोल’ विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राजनीतिक आवाजों को कथित रूप से दबाए जाने के खिलाफ विरोध दर्ज करवाया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने युवा कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

🗣️ उदय भानु चिब ने उठाए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्षता के सवाल

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि आज सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाने, सरकार से सवाल पूछने और युवाओं के मुद्दों को देश के सामने रखने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। ऐसे में यदि किसी राजनीतिक विचारधारा, संगठन या विपक्ष की आवाज को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से दबाने का प्रयास किया जाता है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के सोशल मीडिया अकाउंट पर की जा रही कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। Meta प्रबंधन को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर किन नियमों और आधारों पर ये कार्रवाई की जा रही है। यदि कोई अकाउंट नियमों का उल्लंघन करता है तो उसकी निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए, लेकिन नियमों का इस्तेमाल किसी की राजनीतिक आवाज दबाने के लिए नहीं होना चाहिए।

चिब ने आगे कहा कि सोशल मीडिया कंपनियां लोकतंत्र में बड़ी भूमिका निभा रही हैं और उनकी जिम्मेदारी है कि वे निष्पक्षता, पारदर्शिता और समानता के सिद्धांतों पर काम करें। किसी भी सरकार, राजनीतिक दल या विचारधारा के दबाव में आकर कार्रवाई करना स्वीकार्य नहीं हो सकता।

युवा कांग्रेस देश के युवाओं, आम नागरिकों और विपक्ष की आवाज को बुलंद करती रहेगी। जब तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं होती, तब तक युवा कांग्रेस इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी।

📱 निशित कटारिया ने की बंद अकाउंट तत्काल बहाल करने की मांग

हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि सोशल मीडिया पर कांग्रेस और युवा कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के अकाउंट बंद होना गंभीर चिंता का विषय है। लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना और जनता की समस्याओं को उठाना अपराध नहीं है। यदि किसी की आवाज को दबाने का प्रयास किया जाएगा, तो युवा कांग्रेस उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।

Meta प्रबंधन को बताना चाहिए कि आखिर किन कारणों से नेताओं और कार्यकर्ताओं के अकाउंट पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने मांग की कि जिन अकाउंट को अनुचित तरीके से बंद किया गया है, उन्हें तत्काल बहाल किया जाए और सभी के लिए समान नियम लागू किए जाएं।

⚖️ गिरफ्तारी के बावजूद विरोध जारी रखने का ऐलान

युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस से जुड़े कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के सोशल मीडिया अकाउंट बंद या प्रतिबंधित किए गए हैं। उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए विरोध दर्ज करवाया।

पुलिस द्वारा प्रदर्शन को रोकने के प्रयासों और कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बावजूद युवा कांग्रेस ने अपना विरोध जारी रखा। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गिरफ्तारी और पुलिस की कार्रवाई से उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।