Engineering Wing Review News 2026: गुरुग्राम विकास कार्यों पर निगमायुक्त डॉ. पंकज की सख्ती: देरी और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं, दिए कड़े निर्देश

गुरुग्राम निगमायुक्त डॉ. पंकज ने विकास कार्यों की समीक्षा में दी सख्त चेतावनी; साइट क्लियरेंस, पार्षद संतुष्टि-पत्र व जनवरी से सड़क सुधार के निर्देश।
 
engineering wing review news

गुड़गांव: नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज ने स्पष्ट किया है कि शहर में विकास कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की देरी, लापरवाही अथवा गुणवत्ता के साथ समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो। निगमायुक्त ने ये निर्देश वीरवार को अपने कार्यालय में इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में चीफ इंजीनियर विजय ढाका सहित अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।

📋 एस्टीमेट से पहले साइट क्लियरेंस सर्टिफिकेट जरूरी

निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी जूनियर इंजीनियर अपने-अपने वार्ड में चल रहे विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करें। सहायक अभियंता और कार्यकारी अभियंता भी समय-समय पर मौके पर जाकर कार्यों की जांच करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विकास कार्य का एस्टीमेट तैयार करने से पहले संबंधित साइट का पूरी तरह निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां किसी प्रकार का विवाद या अतिक्रमण न हो। उन्होंने कहा कि एस्टीमेट तैयार करने से पहले सभी विवादों और अतिक्रमण को दूर करना अनिवार्य है। इसके लिए संबंधित साइट का साइट क्लियरेंस सर्टिफिकेट प्राप्त किया जाए, ताकि कार्य शुरू होने के बाद किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

🤝 एस्टीमेट में सटीकता और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता

निगमायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों के एस्टीमेट में पूरी सटीकता होनी चाहिए। यदि किसी सड़क या गली का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है, तो उसमें स्पष्ट रूप से उल्लेख हो कि कार्य कहां से कहां तक किया जाना है। एस्टीमेट बनाते समय डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों और RWA प्रतिनिधियों द्वारा सुझाए गए विकास कार्यों को प्राथमिकता देने तथा उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों का चयन और क्रियान्वयन सही तथ्यों एवं जरूरतों के आधार पर किया जाए, ताकि नागरिकों को वास्तविक लाभ मिल सके।

🚰 पुरानी पेयजल और सीवर लाइनों को बदलने की दिशा में करें काम

निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि 30 वर्ष पुरानी पेयजल और सीवर लाइनों को बदलने की दिशा में कार्य शुरू किया जाए। सड़क निर्माण के दौरान CAQM के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि धूल और प्रदूषण नियंत्रण के मानकों की अनदेखी न हो। उन्होंने ठेकेदारों को सभी नियमों और शर्तों का पालन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि उनके लिए एक विशेष वर्कशॉप भी आयोजित की जाए, जिसमें कार्य की गुणवत्ता, निर्धारित प्रक्रिया और अनुबंध की शर्तों के बारे में जानकारी दी जाए।

📝 काम पूरा होने पर पार्षद का संतुष्टि-पत्र जरूरी

निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी विकास कार्य को पूरा तभी माना जाएगा, जब वह पूरी तरह उपयोग योग्य हो। कार्य समाप्त होने के बाद संबंधित पार्षद का संतुष्टि-पत्र प्राप्त करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई एजेंसी निर्धारित समय-सीमा के बाद भी कार्य लंबित रखती है या गुणवत्ता के अनुरूप काम नहीं करती है, तो ऐसी एजेंसियों को एक सप्ताह के भीतर नोटिस जारी किया जाए। इसके बाद नियमानुसार पेनल्टी लगाने, ब्लैकलिस्ट करने और अनुबंध समाप्त करने जैसी कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त, 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाले विकास कार्यों की सैंपल रिपोर्ट निगमायुक्त कार्यालय में भेजना सुनिश्चित किया जाए।

🛣️ सभी सड़कों का होगा सर्वे; जनवरी में शुरू होंगे विकास कार्य

निगमायुक्त ने शहर की सभी सड़कों का सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी कराएं, ताकि सड़क सुधार के कार्य जनवरी में शुरू किए सकें और मई के अंत तक पूरे हों। बैठक में बागवानी शाखा को निगम के अधीन आने वाली ग्रीन बेल्ट और रोड डिवाइडर पर जालियां लगाने तथा हरियाली बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं, स्ट्रीट लाइट से संबंधित अधिकारियों को अच्छी गुणवत्ता की लाइटें लगवाने के लिए कहा गया।

🌳 बेहतर पार्क, लाइब्रेरी और स्वीमिंग पूल जैसी परियोजनाओं पर जोर

निगमायुक्त ने इंजीनियरिंग अधिकारियों को शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पार्क, लाइब्रेरी और स्वीमिंग पूल जैसी उपयोगी परियोजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की योजना बनाते समय नागरिकों की आवश्यकताओं और सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए।

⚖️ जवाबदेही और गुणवत्ता के आधार पर होगी कार्यों की समीक्षा: निगमायुक्त

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि नगर निगम के विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोपरि हैं। किसी भी कार्य में देरी, लापरवाही या निर्धारित मानकों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। इंजीनियरिंग विंग के अधिकारी नियमित रूप से मौके पर जाकर कार्यों की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि एस्टीमेट से लेकर कार्य पूरा होने तक हर स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया का पालन हो। विकास कार्य तभी सफल माना जाएगा, जब वह गुणवत्तापूर्ण होने के साथ-साथ नागरिकों के लिए पूरी तरह उपयोगी भी हो। अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए और शहर के समग्र विकास के लिए बेहतर योजना, मजबूत निगरानी तथा प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।