Municipal Corporation Team Attacked Gurugram: बेसहारा गाय को पकड़ने पर हुआ विवाद, सरकारी गाड़ी के शीशे टूटे
गुड़गांव : पालम विहार थाना क्षेत्र में कृष्णा चौक के समीप नगर निगम की टीम पर कुछ पशुपालकों ने पथराव कर दिया। यह पशुपालक नगर निगम द्वारा सड़क पर बेसहारा घूम रही गाय को नगर निगम की टीम से छुड़ाने के लिए आए थे। इस घटना में सरकारी गाड़ी के शीशे टूट गए। पशुपालकों ने गाड़ी पर पथराव करने के साथ ही चौक पर काफी देर तक हंगामा भी किया। पूरा घटनाक्रम पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वहीं, राहगीरों ने वीडियो बनाकर इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और नगर निगम अधिकारियों की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर को नगर निगम की टीम ने हरिनगर कॉलोनी में घूम रहे बेसहारा पशुओं को पकड़ा था। इन पशुओं को कार्टरपुरी स्थित गौशाला में छोड़ने के लिए यह टीम जा रही थी। कृष्णा चौक पर बाइक और गाड़ियों में सवार होकर आए पशुपालकों ने नगर निगम की गाड़ी को रोक दिया और पकड़ी गई गाय को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन टीम के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद पशुपालकों और नगर निगम कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई। इस दौरान कुछ गौ-रक्षक मौके पर पहुंच गए। तभी कुछ पशुपालकों ने निगम की टीम पर पथराव कर दिया। इसके साथ ही पशुपालकों पर नगर निगम कर्मचारियों के साथ बदसलूखी और हाथापाई करने का आरोप है। गनीमत यह रही कि कोई भी कर्मचारी इस पथराव में घायल नहीं हुआ, लेकिन कार के शीशे टूट गए। पथराव से बचने के लिए नगर निगम के कर्मचारी मौके से भाग गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। जब तक पुलिस पहुंची, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, वाहन में तोड़फोड़ करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कर्मचारियों पर हमला करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।