गुरुग्राम हादसा: पानी के टैंकर से टकराई पुलिस ERV, 2 जवानों की मौत

गुरुग्राम के फर्रुखनगर में पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) हादसे का शिकार। दो जवानों की मौके पर मौत, एक गंभीर। जानें हादसे का पूरा विवरण।

 
हरियाणा पुलिस ERV हादसा

गुरुग्राम: गुरुग्राम के फर्रुखनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा पुलिस के दो जवानों की मौत हो गई, जबकि एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा गांव खेड़ा खुर्मपुर के पास उस समय हुआ, जब पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) सड़क पर आगे चल रहे पानी के टैंकर से पीछे से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

टक्कर के बाद वाहन में फंस गए पुलिसकर्मी: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 11 बजे ERV-254 नियमित गश्त पर थी. इसी दौरान वाहन पानी के टैंकर से टकरा गया. हादसे के बाद वाहन में सवार तीनों पुलिसकर्मी अंदर ही फंस गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.

दो जवानों की मौके पर मौत, एक की हालत गंभीर: हादसे में हेड कांस्टेबल अनिल और कांस्टेबल छोटेलाल की मौके पर ही मौत हो गई. डॉक्टरों ने दोनों पुलिसकर्मियों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया. जबकि ERV चला रहे कांस्टेबल धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए. उनका गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है.

जांच में जुटी पुलिस: पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. मामले में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि, "प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा है. हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी." पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं थी.