गुरुग्राम: निर्माणाधीन साइट पर 50 लोगों का धावा, रंगदारी के लिए धमकी
गुरुग्राम के सेक्टर-108 में निर्माणाधीन साइट पर 10-20 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे 50-60 लोग। ठेकेदार से रंगदारी की मांग और जान से मारने की धमकी। पढ़ें अपडेट।
गुरुग्राम: गुरुग्राम के सेक्टर-108 थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन साइट पर कथित रंगदारी मांगने और ठेकेदार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़ित ठेकेदार ने थाने में शिकायत की. शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. वहीं, घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है.
10 से 20 स्कॉर्पियो गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे लोग: पीड़ित ठेकेदार मनीष दहिया की शिकायत के अनुसार दिनदहाड़े 10 से 20 स्कॉर्पियो गाड़ियों के काफिले के साथ करीब 50 से 60 लोग निर्माण स्थल पर पहुंचे. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मौके पर पहुंचकर कथित रूप से शक्ति प्रदर्शन किया गया और निर्माण कार्य जारी रखने के बदले हिस्सेदारी की मांग की गई.
विरोध करने पर धमकी देने का आरोप: शिकायत के मुताबिक, जब ठेकेदार ने कथित मांग का विरोध किया तो उसे और वहां मौजूद कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर भय का माहौल बन गया. पीड़ित का दावा है कि पूरी घटना निर्माण स्थल पर लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है.
कई लोगों के नामजद होने का दावा: मनीष दहिया ने सेक्टर-108 थाना पुलिस को दी गई शिकायत में दविंदर उर्फ सुक्कू, दिनेश दहिया समेत कई अन्य लोगों के नाम दर्ज कराए हैं. साथ ही उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की है. उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि नामजद आरोपी कथित रूप से कौशल चौधरी गैंग से जुड़े हुए हैं. हालांकि, इस दावे की पुष्टि अभी नहीं हुई है और इसकी सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
पुलिस ने शुरू की जांच: वहीं, सेक्टर-108 थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी.

