गुरुग्राम: मंदिर में चोरी, कटर से ताला काटकर दान पात्र ले उड़े चोर
गुरुग्राम के सेक्टर 46 स्थित हनुमान मंदिर में चोरों ने कटर से ताला काटकर दान पात्र साफ कर दिया। 3 साल से नहीं खुला था दान पात्र, लाखों के नुकसान की आशंका।
गुड़गांव : गुरुग्राम में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने भगवान के घर में भी सेंध लगाने में झिझक नहीं हो रही है। ताज़ा मामला सेक्टर 46 के जल विहार से सामने आया है जहाँ ऑटो से आये चोरो ने हनुमान मंदिर का ताला कटर से काट कर दान पात्र में रखे रुपए चोरी कर लिए। मंदिर के पुजारी हरिओम शास्त्री के मुताबिक, दान पात्र 3 साल से नहीं खुला था और उसमे लाखो रुपए होने का अनुमान है। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया। पड़ोसियों ने जब आवाज़ सुनी और वह घर से बाहर आये तो उन्होंने चोरो को ऑटो से जाते हुए देखा और मंदिर का गेट खुला देख पुजारी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुजारी ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर बुलाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय निवासी तरुण कुमार ने बताया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जब जांच की गई तो सामने आया कि 2 युवक मंदिर में प्रवेश करते हैं और कटर से ताला काट कर मंदिर के दान पात्र से रुपए अपने बैग में भर लेते है। इसी दौरान मंदिर के बाहर खड़े ऑटो में एक व्यक्ति बैठा हुआ आसपास नजर भी रखता है। बताया जा रहा है कि मंदिर के निर्माण का कार्य कराया जाना था जिसके करण पिछले 3 साल से मंदिर का दानपात्र खोला नहीं गया था और इन रुपयों को मंदिर निर्माण में लगाया जाना था।
घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इन ऑटो सवार चोरो को कब तक काबू कर पाती है।

