गुड़गांव: पार्किंग में सो रही नौकरानी पर चढ़ाई थार, महिला की मौत
गुड़गांव की अंसल वर्सालिया सोसाइटी में पार्किंग में सो रही नौकरानी को थार गाड़ी ने कुचला। अस्पताल से मृत घोषित होने के बाद शव वापस पार्किंग में रखने पर हंगामा।
गुड़गांव : अगर हम कहें कि अब आप घर में भी सुरक्षित नहीं है। घर में भी कोई कार आपको कुचल सकती है तो आपको शायद इस बात पर यकीन नहीं होगा। ऐसा ही एक मामला सेक्टर-67 की अंसल वर्सालिया सोसाइटी में सामने आया कि जहां घर की पार्किंग में सो रही घरेलू नौकरानी को एक थार गाड़ी ने कुचल दिया। घटना के बाद थार चालक महिला गाड़ी से नीचे उतरी और घायल को दूसरी गाड़ी में निजी अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला शव को वापस सोसाइटी में ले आई और जिस स्थान पर उसने थार से नौकरानी को कुचला था वहीं रख दिया। इसकी सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस आरोपी थार चालक महिला से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने 57 वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई। वह मकान नंबर 4011 में काम करने के बाद ग्राउंड फ्लोर पर बनी कार पार्किंग में सो रही थी। इस दौरान इसी बिल्डिंग में रहने वाली महिला अपनी थार गाड़ी को बैक कर रही थी जिसके बाद पार्किंग में सो रही महिला के उपर से उसकी थार गाड़ी गुजर गई। जब महिला को किसी के गाड़ी के नीचे आने का अहसास हुआ तो वह नीचे उतरी और घायल को निजी अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत महिला को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भतीजे ने बताया कि महिला ने शव को वापस पार्किंग में रख दिया। जब उन्हें इस बारे में पता लगा तो वह मकान के बाहर एकत्र हो गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना की जानकारी पुलिस काे दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

