गुरुग्राम: सेक्टर-75 में हिट एंड रन, तेज रफ्तार कार ने दो को रौंदा
गुरुग्राम के सेक्टर-75 में हिट एंड रन मामला। सड़क किनारे खड़े दो लोगों को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, आरोपी फरार। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
गुरुग्राम: गुरुग्राम में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. दरअसल, सेक्टर-75 इलाके में एक हिट एंड रन की वारदात सामने आई, जहां सड़क किनारे खड़े दो लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उनका इलाज जारी है.
ग्राफिक डिजाइनर समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल: पुलिस की मानें तो हादसे में घायल हुए लोगों में एक ग्राफिक डिजाइनर भी शामिल है. दोनों सड़क किनारे खड़े थे, तभी तेज रफ्तार से आई एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद चालक समेत तीन युवक मौके से फरार: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार में सवार तीनों युवक वाहन समेत मौके से फरार हो गए.कार पर अस्थायी (टेम्पररी) नंबर T-05 26HR 4262 लिखा हुआ था. पुलिस इस नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच: इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल: वहीं, इस घटना ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लगातार सामने आ रहे हिट एंड रन के मामलों से लोगों में चिंता बढ़ रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है.

