गुड़गांव: सोसाइटी में बास्केटबॉल पोल गिरने से छात्र गंभीर रूप से घायल
गुड़गांव के सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स सोसाइटी में बास्केटबॉल पोल गिरने से बी-फर्मा का छात्र घायल। मेंटेनेंस एजेंसी की लापरवाही पर निवासियों ने किया हंगामा।
गुड़गांव : सेक्टर-84 की अंतरिक्ष हाइट्स सोसाइटी में बास्केट बॉल पोल गिरने से डॉक्टर का बी फार्मा कर चुका बेटा हादसे का शिकार हुआ है। यह पोल गिरने का अंदेशा सोसाइटी निवासियों को पहले से ही था। इस बारे में सोसाइटी के लोग और बॉस्केट बॉल खेलने वाले युवक पहले से ही मेंटीनेंस एजेंसी को बता चुके थे, लेकिन किसी ने भी इसकी मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया। यही कारण है कि हादसे में मेंटीनेंस एजेंसी की बड़ी लापरवाही सामने आई है।
घटना में घायल कार्तिक बी फार्मा के फाइनल ईयर के पेपर दे चुका है और वह अपने दोस्तों के साथ सोसाइटी में बने बॉस्केट बॉल कोर्ट में खेल रहा था। सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है कि इस भारी भरकम पोल पर कुछ युवक खेलते वक्त लटक भी रहे हैं। इसी दौरान अचानक ही यह पोल गिर गया और इस दौरान नीचे खड़े कुछ युवा तो दूर कूद गए, लेकिन जब तक कार्तिक कुछ समझ पाता तब तक देर हो चुकी थी और वह हादसे का शिकार हो गया।

कार्तिक के पिता धर्मेंद्र दलाल ने बताया कि वह वेटनरी डॉक्टर हैं और फिलहाल उनकी पोस्टिंग रोहतक के सांपला में है। जिस वक्त यह घटना हुई वह उस वक्त सीनियर सिटीजन ग्रुप के साथ बॉस्केट बॉल कोर्ट के पास ही बैठे हुए थे। उन्होंने पोल को गिरते देखा तो सीनियर सिटीजन के साथ मौके पर पहुंचे तो पाया कि उनका ही बेटा इस पोल की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की मदद से वह बेटे को अस्पताल ले गए जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उसकी रीढ़ की हड्डी पर गहरी चोट बताई है। इसके अलावा उसके हाथ-पैर पर भी चोटें लगी हैं, लेकिन हाथ-पैर की चोट गंभीर नहीं है।

वहीं, इस हादसे और सोसाइटी की मेंटीनेंस को लेकर आज सोसाइटी निवासी मेंटीनेंस एजेंसी के कार्यालय में गए। यहां मौजूद एस्टेट मैनेजर ने जवाबदेही से साफ इंकार कर दिया। मीडिया को देखते ही उसने अपना नाम और पद बताने से भी इंकार कर दिया जिसके बाद सोसाइटी निवासियों का गुस्सा और भड़क गया और सोसाइटी की महिलाओं ने मेंटीनेंस ऑफिस में जोरदार हंगामा भी किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेंटीनेंस एजेंसी की तरफ से लापरवाही बरतने के कारण ही यह हादसा हुआ है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कार्तिक की जान बच गई। फिलहाल मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आपको बता दें कि गत दिवस सेक्टर-84 की अंतरिक्त हाइट्स सोसाइटी में बास्केट बॉल खेल रहे युवाओं पर पोल गिर गया। इस घटना में सोसाइटी का रहने वाला कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे सेक्टर-90 के निजी अस्पताल मेंं भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस को शिकायत देकर मेंटीनेंस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

